G-KBRGW2NTQN महान भारतीय वैज्ञानिक -डॉ. होमी जहांगीर भाभा ‘आर्किटेक्ट ऑफ इंडियन एटॉमिक एनर्जी प्रोग्राम’. – Devbhoomi Samvad

महान भारतीय वैज्ञानिक -डॉ. होमी जहांगीर भाभा ‘आर्किटेक्ट ऑफ इंडियन एटॉमिक एनर्जी प्रोग्राम’.

होमी जहांगीर भाभा भारत के एक प्रमुख वैज्ञानिक और स्वप्नदृष्टा थे जिन्होंने भारत के परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम की कल्पना की थी। उन्होने मुट्ठी भर वैज्ञानिकों की सहायता से मार्च 1944 में नाभिकीय उर्जा पर अनुसन्धान आरम्भ किया। उन्होंने नाभिकीय विज्ञान में तब कार्य आरम्भ किया जब अविछिन्न शृंखला अभिक्रिया का ज्ञान नहीं के बराबर था और नाभिकीय उर्जा से विद्युत उत्पादन की कल्पना को कोई मानने को तैयार नहीं था। उन्हें ‘आर्किटेक्ट ऑफ इंडियन एटॉमिक एनर्जी प्रोग्राम’ भी कहा जाता है। भाभा का जन्म मुम्बई के एक सभ्रांत पारसी परिवार में हुआ था। उनकी कीर्ति सारे संसार में फैली। भारत वापस आने पर उन्होंने अपने अनुसंधान को आगे बढ़ाया। भारत को परमाणु शक्ति बनाने के मिशन में प्रथम पग के तौर पर उन्होंने 1945 में मूलभूत विज्ञान में उत्कृष्टता के केंद्र टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च (टीआइएफआर) की स्थापना की। डा. भाभा एक कुशल वैज्ञानिक और प्रतिबद्ध इंजीनियर होने के साथ-साथ एक समर्पित वास्तुशिल्पी, सतर्क नियोजक, एवं निपुण कार्यकारी थे। वे ललित कला व संगीत के उत्कृष्ट प्रेमी तथा लोकोपकारी थे। 1947 में भारत सरकार द्वारा गठित परमाणु ऊर्जा आयोग के प्रथम अध्यक्ष नियुक्त हुए।१९५३ में जेनेवा में अनुष्ठित विश्व परमाणुविक वैज्ञानिकों के महासम्मेलन में उन्होंने सभापतित्व किया। भारतीय परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम के जनक का २४ जनवरी सन १९६६ को एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया था।
1950 से 1966 तक परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष और भारत सरकार के सचिव थे। वो कभी भी अपने चपरासी को अपना ब्रीफ़केस उठाने नहीं देते थे। ख़ुद उसे ले कर चलते थे जो कि बाद में विक्रम साराभाई भी किया करते थे। वो हमेशा कहते थे कि पहले मैं वैज्ञानिक हूँ और उसके बाद परमाणु ऊर्जा आयोग का अध्यक्ष। एक बार वो किसी सेमिनार में भाषण दे रहे थे तो सवाल जवाब के समय एक जूनियर वैज्ञानिक ने उनसे एक मुश्किल सवाल पूछा। भाभा को ये कहने में कोई शर्म नहीं आई कि अभी इस सवाल का जवाब उनके पास नहीं है। मैं कुछ दिन सोच कर इसका जवाब दूंगा।
ऐसा विलक्षण व्यक्तित्व था भारत के परमाणु कार्यक्रम के जनक
डॉ. होमी जहाँगीर भाभा का जन्म मुम्बई के एक पारसी परिवार में 30 अक्टूबर, 1909 को हुआ था। 15 वर्ष की उम्र में उन्होंने बम्बई के एक हाईस्कूल से सीनियर कैम्ब्रिज की परीक्षा पास की और बाद में उच्च शिक्षा के लिए कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय गए। उनकी ज्ञान और प्रतिभा से परिचित कुछ नामी विश्वविद्यालयों ने उनको अध्यापन कार्य के लिये आमंत्रित किया लेकिन उन्होंने ‘भारतीय विज्ञान संस्थान’ (IISc) बैंगलोर को चुना जहाँ वे भौतिक शास्त्र विभाग के प्राध्यापक के पद पर रहे।
उस वक़्त सर सी. वी. रमन भौतिक शास्त्र विभाग के प्रमुख थे और उन्हें डॉ. भाभा शुरू से ही पसंद थे। उन्होंने डॉ. भाभा को फैलो ऑफ़ रायल सोसायटी में चयन हेतु भी मदद की। बैंगलोर में डॉ. भाभा कॉस्मिक किरणों के हार्ड कम्पोनेंट पर रिसर्च कर रहे थे लेकिन उन्हें देश में विज्ञान की उन्नति के बारे में बहुत चिंता थी।
चूँकि बैंगलोर का संस्थान देश में वैज्ञानिक क्रांति के लिए पर्याप्त नहीं था, उन्होंने परमाणु विज्ञान में रिसर्च करने के लिए एक अलग संस्थान बनाने की सोची और सर दोराब जी टाटा ट्रस्ट से मदद माँगी।
1 जून, 1945 को उनके द्वारा प्रस्तावित टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ़ फंडामेंटल रिसर्च (TIFR) के एक छोटे से रूप का श्रीगणेश हुआ। डॉ. भाभा ने अपनी वैज्ञानिक और प्रशासनिक ज़िम्मेदारियों के साथ-साथ TIFR की इमारत की भी ज़िम्मेदारी उठायी। उन्होंने इसे दुनिया के सर्वश्रेष्ठ संस्थानों में खड़ा करने का सपना देखा। साल 1962 में TIFR पूरी तरह से फंक्शनल हो चूका था।
यह डॉ. भाभा के प्रयासों का ही प्रतिफल है कि आज विश्व के सभी विकसित देशों में भारत के नाभिकीय वैज्ञानिकों की प्रतिभा एवं क्षमता का लोहा माना जाता है।
आज उनके जन्मदिवस पर हम उनको नमन करते हैं।
प्रेम प्रकाश उपाध्याय ‘नेचुरल’, पिथोरागढ़, उत्तराखंड
(लेखक वैज्ञानिक शोधों, अन्वेषणों व इसके प्रचार-प्रसार से जुड़े हैं)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *