श्री दरबार साहिब में चला दर्शनों व मनौतियों का दौर

श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज ने संगतों को दिया दर्शन व आशीर्वाद
श्री गुरु राम राय महाराज व श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराजे के लगे जयकारे
आज होगी एतिहासिक नगर परिक्रम, संगतों ने पूरी की तैयारी
देहरादून। श्री झण्डे जी के आरोहण के बाद बृहस्पतिवार को दरबार साहिब में संगतों की भारी चहल पहल रही। देश-विदेश से आई संगतों के साथ बड़ी संख्या में दूनवासियों ने श्री झण्डे जी पर शीश नवाया। संगतों ने श्री झण्डा साहिब एवं श्री दरबार साहिब में माथा टेका व मनौतियों मांगी।
बृहस्पतिवार को सुबह से ही दरबार साहिब में श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज के दर्शनों के लिए संगतें कतारें लगनी शुरू हो गई। श्री महाराज ने संगतों को दर्शन व आशीर्वाद दिया। साथ ही श्री महाराज ने संगतों को आदर्श जीवन जीने के लिए गुरु की वाणी का अमृतपान करवाया। उन्होंने कहा कि किसी भी दृष्टि से गुरु महाराज को भजो, उसका पुण्य अवश्य प्राप्त होगा। मानव जीवन में कर्म का बहुत महत्व है। मनुष्य की पहचान उसके कर्मों से होती है। उन्होंने जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्ति व मोक्ष के रहस्य का ज्ञान भी दिया। सुख शांति का संदेश एवं गुरु मंत्र देते हुए गुरु महिमा के महत्व से आत्मसात करवाया।
वहीं श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज की अगुआई में 21 मार्च को ऐतिहासिक नगर परिक्रमा होगी। दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज श्री झण्डा महोत्सव के मुख्य व्यवस्थापक मधुसूदन सेमवाल ने बताया कि नगर परिक्रमा 21 मार्च को सुबह 7:30 बजे श्री दरबार साहिब परिसर से आरंभ होगी। नगर परिक्रमा में 25 हजार से अधिक संगतें शामिल होंगी।
नगर परिक्रमा श्री दरबार साहिब से शुरू होकर सहारनपुर चौक, कांवली रोड होते हुए श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल बिंदाल पहुंचेगी। यहां संगत को चने, मुरमुरे व गुड़ का प्रसाद वितरित किया जाएगा। यहां से तिलक रोड, टैगोर विला, घण्टाघर, पल्टन बाजार, लक्खीबाग पुलिस चौकी से रीठा मण्डी, श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल बॉम्बे बाग पहुंचेगी। श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल में गन्ने का प्रसाद बांटा जाएगा। इसके बाद ब्रहमलीन श्रीमहंत साहिबान के समाधि स्थल पर मत्था टेकेने के बाद सहारनपुर चौक होते हुए दोपहर 12:00 बजे नगर परिक्रमा श्री दरबार साहिब वापिस पहुंचकर सम्पन्न होगी।
गुरु महिमा भजनों व कीर्तन की धूम
देहरादून। बृहस्पतिवार को श्री दरबार साहिब परिसर में गुरु महिमा व गुरु के भजनों की धूम रही। गुरु महिमा से सराबोर भक्ति रस से श्री दरबार साहिब महिमामई रहा। सतगुरु तेरे तेरे.., रंग बरसे रंग बरसे बाबा जी दरबार तेरे रंग बरसे.., सुरु मैं तेरी पतंग हवा विच उड्दी जॉवां गी जैसे भक्ति गीतों का श्रद्धालुओं ने जमकर लुत्फ उठाया।