G-KBRGW2NTQN चारधाम यात्रा से पूर्व कार्मिकों की मांगें पूरी की जाएं : मनमोहन – Devbhoomi Samvad

चारधाम यात्रा से पूर्व कार्मिकों की मांगें पूरी की जाएं : मनमोहन

जीएमवीएन कर्मचारी संघ के तेवर तीखे, न्यायोचित मांगों की अनदेखी पर जताया आक्रोश
ऋषिकेश। भारतीय मजदूर संघ से सम्बद्ध गढ़वाल मंडल विकास निगम कर्मचारी संघ ने चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले प्रबंधन से कर्मचारियों की मांगों को पूर्ण किए जाने पर जोर दिया है। इस क्रम में जीएमवीएन कर्मचारी संघ की मंगलवार को यहां यात्रा कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई थी। बैठक में कर्मचारी नेताओं के तेवर काफी तीखे दिखे।बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रमुख मनमोहन चौधरी ने की जबकि संचालन बी.एम. जुयाल ने किया।

सभा को संबोधित करते हुए श्री जुयाल ने कहा कि प्रबंधन ने कार्मिकों की न्यायोचित मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है। अग्रिम आदेश शासन के बोर्ड द्वारा खारिज कर दिया गया है, यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है क्योंकि निगम के वर्ष 1976 से चली आ रही व्यवस्था को बोर्ड द्वारा खारिज करना सरासर षड्यंत्र है।

कर्मचारी नेता संदीप मेवाड़ ने कहा कि निगम कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग लागू हुए 8 – 9 वर्ष हो चुके हैं, परंतु सातवें वेतन के अनुसार एमएसीपी आज तक लागू नहीं की गई है। इसे तुरंत लागू किया जाना चाहिए।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे मनमोहन चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि निगम की व्यवस्थाओं को शासन द्वारा लगातार अतिक्रमित किया जा रहा है, यह स्थिति बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है, कर्मचारी संघ इस प्रवृत्ति का पुरजोर विरोध करता है।

उन्होंने कहा कि विगत 25 – 30 वर्षों से निगम कर्मचारी निरंतर कार्य कर रहा है परंतु सरकार द्वारा आज तक कार्मिकों के विनियमितीकरण का शासनादेश जारी नहीं किया गया है। इस कारण कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। निगम की एसीपी शासन द्वारा लटकाई गई है।

इसी प्रकार निगम के भारतभर में खोले गए जन संपर्क कार्यालय धीरे-धीरे प्रबंधन द्वारा बंद किये जा रहे हैं जो की बहुत गंभीर विषय है। हाल में जनसंपर्क कार्यालय जो निगम का एक महत्वपूर्ण कार्यालय था और अच्छी आमदनी का स्रोत भी था, उसे निगम प्रशासन द्वारा बंद कर दिया गया है।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उक्त कार्यालय को तत्काल खोल कर पूर्ववत उसका संचालन किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्मिकों की न्यायोचित मांगों का शासन – प्रशासन द्वारा शीघ्र निराकरण नहीं किया जाता है तो कर्मचारी संघ को चारधाम यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व बड़े आंदोलन के लिए विवश होना पड़ेगा और इसका दायित्व निगम प्रबंधन का होगा।

बैठक में भूपेंद्र राणा, रघुनाथ सिंह, पुरुषोत्तम बंदोलिया, इंद्र मोहन नेगी, सुरेंद्र सिंह, किशन सिंह, प्रीति, किशोरी लाल, रोशन लाल, पूर्ण सिंह, धनवीर सिंह, उमा देवी, खीमा देवी, शूरवीर सिंह, सूर्य प्रकाश, विश्वास, संदीप मेवाड, कमल सिंह आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *