रंगकर्मी एसपी मंमगाई को नाटय़ सम्राट सम्मान

देहरादून। मेघदूत नाट्य संस्था के संस्थापक और प्रसिद्ध रंगकर्मी एसपी ममगाईं को छह दशक से अधिक की रंगकर्म साधना और नाट्य निर्देशन, लेखन तथा अभिनय के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए श्री सनातन धर्म सभा, गीता भवन ने नाटय़ सम्राट अलंकरण से विभूषित किया।

गीता भवन में चल रही रामकथा के समापन  पर मानस मर्मज्ञ मैथिलीशरण के हाथों प्रदान किया गया। सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष राकेश ओबेराय, सचिव विपिन नागलिया और गुलान खुराना भी इस अवसर पर मौजूद थे।

श्री सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष राकेश ओबेरय ने इससे पूर्व रंगकर्म के क्षेत्र में उनके योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि वे पिछले छह दशक से अधिक लंबे समय से रंगकर्म की साधना में संलग्न हैं और उत्कृष्ट नाट्य परम्परा के संवाहक के रूप में लोकरंजन के सिद्धहस्त निर्देशक और उच्च कोटि के कलाकार हैं।

मेघदूत नाट्य संस्था के जरिए उन्होंने सैकड़ों युवाओं को रंगकर्म में पारंगत कर बड़े मुकाम तक पहुंचाया है। इस अतुलनीय योगदान के मद्देनजर श्री ममगाईं को नाट्य सम्राट के सम्मान से अलंकृत कर श्री सनातन धर्म सभा स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रही है।

उल्लेखनीय है कि मेघदूत नाट्य संस्था द्वारा धार्मिक तथा ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के तीन नाटकों की छह प्रस्तुतियां इसी गीता भवन परिसर के सभागार में दी जा चुकी हैं और उन नाटकों का अन्यत्र भी मंचन हुआ है, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।

मेघदूत नाट्य संस्था द्वारा अभी हाल में उत्तराखंड की अमर प्रेम कथा अमर तिलोगा का मंचन टाऊन हल में किया गया था और उससे पूर्व गोस्वामी तुलसीदास व रामचरित मानस के सुंदर कांड प्रसंग पर आधारित भय बिनु होई न प्रीत का मंचन भी किया गया था। इस दोनों नाटकों को दूरदर्शन ने भी प्रसारित किया था।

श्री सनातन धर्म सभा द्वारा उन्हें नाट्य सम्राट सम्मान से अलंकृत किए जाने पर मेघदूत नाट्य संस्था ने हर्ष प्रकट किया है। इस मौके पर मेघदूत के प्रसिद्ध कलाकार नंदकिशोर त्रिपाठी, विजय डबराल, सपना गुलाटी, सावित्री उनियाल आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *