धौलछीना में युवती की हार्ट अटैक से मौत, चार माह बाद थी शादी
अल्मोड़ा। धौलछीना में एक 23 वर्षीय युवती की अचानक मौत हो गई। प्रथम दृष्टया मौत की वजह हार्टअटैक बताई जा रही है। युवती की चार माह बाद शादी होनी थी।
इस दुखद घटना के बाद मृतका के स्वजनों में कोहराम मचा हुआ है। इस घटना के बाद व्यापार मंडल ने शोक में आधे दिन बाद बाजार बंद रखा। गमहीन माहौल में देर शाम शेराघाट स्थित सरयू तट पर युवती का अंतिम संस्कार किया गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक धौलछीना बाजार में सुविधा होटल संचालक लाल सिंह मेहरा की पुत्री कमला, निवासी बबूरिया नायल हाल धौलछीना मंगलवार दोपहर बकरियों के लिए चारा लाने के बाद नहाने के लिए जैसे ही बाथरूम में गई तभी अचानक उसके सीने में तेज दर्द होने लगा और वह अचेत होकर गिर पड़ी।
अस्पताल ले जाने से पूर्व ही युवती ने दम तोड़ दिया। अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बताया जा रहा है कि युवती की नवंबर में शादी तय हुई थी।
परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था। लेकिन अचानक हुई इस घटना ने परिजनों को गहरा सदमा दे दिया। विधायक मनोज तिवारी ने मृतका के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। वहीं व्यापार मंडल ने भी शोक में आधे दिन के बाद बाजार बंद रखा।