पत्नी की हत्या के आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेजा
उत्तरकाशी। भटवाड़ी विकासखंड के बयाणा गांव में मारपीट कर पत्नी की हत्या के आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गत शुक्रवार कोतवाली मनेरी को सूचना दी गई कि बयाणा मनेरी निवासी 33 वर्षीय विष्णु चौहान पुत्र स्व. हरि सिंह अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर भाग गया है।
सूचना पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची जहां 28 वर्षीय वष्रा शौचालय में गम्भीर घायल अवस्था में पड़ी थी। पुलिस द्वारा महिला को तुरंत जिला अस्पताल उत्तरकाशी लाया गया, जहां चिकित्सक द्वारा महिला को मृत घोषित कर दिया गया। उक्त मामले में मृतका के पिता चत्तर सिंह पंवार की तहरीर के आधार पर पुलिस द्वारा कोतवाली मनेरी पर अभियुक्त विष्णु के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103 (1) में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
प्रभारी निरीक्षक मनेरी श्री मनोज असवाल के नेतृत्व में पुलिस द्वारा गत रात्रि को ही अभियुक्त विष्णु चौहान को बयाणा गांव के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।अभियुक्त विष्णु ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसका अपनी पत्नी वष्रा के साथ अक्सर खेतीबाड़ी, आर्थिक तंगी व छोटी-छोटी बातों पर लड़ाई-झगड़ा होता रहता था।
रात्रि को ही कोतवाली मनेरी पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया था, अभियुक्त को शनिवार न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया। अग्रिम विवेचनात्मक कार्यवाही जारी है।