पुरुष व महिला खिलाड़ियों को खेलों में दिए जा रहे सम्मान अवसर: धामी
मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना तथा मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना के माध्यम से खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है।
सीएम ने कहा कि प्रदेश में पुरुष व महिला खिलाड़ियों को समान अवसर दिए जा रहे हैं। हल्द्वानी में प्रदेश का पहला खेल विवि तथा लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कालेज की स्थापना की जा रही है। सीएम ने खेल सुविधाओं के लिए घोषणा करते हुए कहा कि खेलों के प्रोत्साहन के लिए एचएनबी स्पोटर्स स्टेडियम में पचास बेड क्षमता वाले छात्रावास का निर्माण किया जाएगा।
स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट का अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार पुनर्निर्माण तथा हैंडबॉल कोर्ट का निर्माण भी किया जाएगा। तथा जीआईसी खेल मैदान में हकी और फुटबॉल के लिए दिन एवं रात्रि उपयोग योग्य बहुउद्देशीय आर्टिफिशियल मैदान का निर्माण किया जाएगा।
सीएम ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में मेडिकल कालेज में सौ नई एमबीबीएस सीटों के साथ 36 आईसीयू बेड जोड़े गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री व सांसद अजय टम्टा, महापौर अजय वर्मा, विधायक मोहन सिंह मेहरा, पूर्व विस उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा महेश नयाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।