अग्निवीर योजना देश की सेना और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़: नेगी
अल्मोड़ा। कांग्रेस कार्यालय में मंगलवार को बैठक आयोजित की गई। जिसमें कांग्रेस सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रि. कर्नल राम रत्न नेगी ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना देश की सेना, युवाओं और सैनिक परिवारों के भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ है।
उन्होंने कहा कि योजना के तहत युवाओं को मात्र चार वषोर्ं के लिए सेना में रखा जाना, देश की सुरक्षा और युवाओं के भविष्य के लिए सुरक्षित नहीं है। नेगी ने कहा कि सेना जैसी अनुशासित और पेशेवर संस्था में अस्थायी व्यवस्था लागू करना, उसकी क्षमता और अनुभव को कमजोर करता है। इस योजना में न पेंशन की व्यवस्था है, न ही दीर्घकालिक सामाजिक सुरक्षा है।
कार्यक्रम की अध्य्क्षता करते हुये जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि सरकार को चाहिए था कि वह सेना में स्थायी भर्ती को मजबूत करती, लेकिन इसके उलट सेना को ठेके पर चलाने की सोच लागू कर दी गई। इससे सैनिक परिवारों में भी भारी असंतोष और चिंता का माहौल है। सरकार द्वारा अग्निवीर योजना को तत्काल वापस लिया जाए। सेना में स्थायी भर्ती व्यवस्था बहाल की जाए।
कार्यक्रम मे नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, सुरेंद्र लाल टम्टा, महेंद्र सिंह मनराल, केशव दत्त पाण्डेय, दान सिंह, विनोद सिंह, चंद्र प्रकाश, राजू भट्ट, कमलेर कुमार, आनंद सिंह मेहरा, आर.पी. ध्यानी, लोकमान सिंह मेहरा, चंद्र कुमार, श्याम सिंह दोसाद, किशोर नयाल के साथ ही कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।