राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के अनुसार, शैक्षणिक वर्ष 2020-21 से 2025-26 तक एमबीबीएस की सीटों में 48,563 और स्नातकोत्तर सीटों में 29,080 की वृद्धि
चिकित्सा शिक्षा पर अद्यतन जानकारी
सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 से 2028-29 तक केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत 10,023 चिकित्सा सीटें बढाने की मंजूरी दी है
चिकित्सा शिक्षा में मानकों को बनाए रखने के लिए एमएसआर, जीएमईआर 2023, एमएसएमईआर-2023 और सीबीएमई 2024 सहित प्रमुख विनियम लागू किए गए हैं
नई दिल्ली (संवाददाता)l राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) की दी गई जानकारी के अनुसार, शैक्षणिक वर्ष 2020-21 से 2025-26 तक देश में एमबीबीएस की 48,563 सीटें और स्नातकोत्तर की 29,080 सीटें बढ़ाई गई हैं। एमबीबीएस और स्नातकोत्तर सीटों में वृद्धि का विवरण अनुलग्नक में दिया गया है। इसके अतिरिक्त, सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 से 2028-29 तक सरकारी कॉलेजों में केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत 10,023 मेडिकल सीटों को जोड़ने की मंजूरी दी है।
चिकित्सा सीटों के विस्तार से स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में कर्मचारियों की कमी दूर होगी, विशेष रूप से कम सुविधा वाले क्षेत्रों में, और इसका राज्यों में डॉक्टर-जनसंख्या अनुपात पर सीधा प्रभाव पड़ेगा। चिकित्सा सीटों की बढ़ती संख्या, बुनियादी ढांचे और शिक्षकों में सुधार के साथ, भारतीय छात्रों के लिए घरेलू संस्थानों तक पहुंच आसान हो गई है।
चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सर्वोच्च नियामक निकाय के रूप में राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने विभिन्न विनियम अधिसूचित किए हैं, जिनमें न्यूनतम मानक आवश्यकता (एमएसआर), स्नातक चिकित्सा शिक्षा विनियम (जीएमईआर), 2023, चिकित्सा शिक्षा मानकों का रखरखाव विनियम, 2023 (एमएसएमईआर-2023) और योग्यता-आधारित चिकित्सा शिक्षा (सीबीएमई) पाठ्यक्रम दिशानिर्देश 2024 शामिल हैं। इनका उद्देश्य चिकित्सा शिक्षा में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करना है। ये विनियम देश भर में चिकित्सा शिक्षा और प्रशिक्षण की शुद्धता और गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए बनाए गए हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल ने आज लोकसभा में लिखित जवाब में यह बात कही।
अनुलग्नक
शैक्षणिक वर्ष 2020-21 से 2025-26 तक एमबीबीएस सीटों की संख्या
| क्रम संख्या | शैक्षणिक वर्ष | एमबीबीएस सीटों में वृद्धि |
| 1 | 2020-21 | 2963 |
| 2 | 2021-22 | 8790 |
| 3 | 2022-23 | 7398 |
| 4 | 2023-24 | 9652 |
| 5 | 2024-25 | 8641 |
| 6 | 2025-26 | 11119 |
शैक्षणिक वर्ष 2020-21 से 2025-26 तक स्नातकोत्तर सीटों की संख्या
| क्रम संख्या | शैक्षणिक वर्ष | पीजी सीटों में वृद्धि |
| 1 | 2020-21 | 4983 |
| 2 | 2021-22 | 4705 |
| 3 | 2022-23 | 2874 |
| 4 | 2023-24 | 4713 |
| 5 | 2024-25 | 4186 |
| 6 | 2025-26 | 7619 |