टी-20 विश्व कप 2026 : ईशान किशन की तूफानी पारी के बाद भारतीय गेंदबाजों के आगे पाकिस्तान का सरेंडर
61 रन की जीत के साथ पाक के खिलाफ वर्ल्ड कप में 8-1 रिकार्ड बनाया, सुपर 8 के लिए क्वालीफाई किया
ईशान किशन ने खेली 40 गेंदों में 77 रन की पारी, जड़े 10 चौके और 3 छक्के
कप्तान सूर्यकुमार ने 32, शिवम दूबे ने 27 और तिलक वर्मा ने बनाये 25 रन
जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने लिए 2-2 विकेट, कुलदीप और तिलक ने एक विकेट झटका

डी. एन. धूलिया
नई दिल्ली l भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से करारी शिकस्त देकर टी-20 विश्व कप में अपना दबदबा बरकरार रखा है। इस जीत के साथ भारत सुपर 8 चरण के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली टीम बन गई है। जीत के लिए 176 रनों का पीछा करते हुए पाकिस्तान की पारी कभी भी लय में नहीं आ पाई और 18 ओवरों में 114 रनों पर ऑल आउट हो गई। हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लिए। मैदान से ताजा खबर यह है कि भारत के खिलाफ पाकिस्तान के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी प्रेमदासा स्टेडियम को छोड़ कर निकल गए।
मैच उम्मीद के मुताबिक ही चला। ईशान किशन की 77 रन की तूफानी पारी के बाद जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ने पहले दो ओवर में ही भारत की जीत की नींव रख दी l इसके बाद भारत के सभी गेंदबाजों ने बेहतरीन गेंदबाजी की। धीमी और स्पिन-अनुकूल पिच पर ईशान किशन की 40 गेंदों में खेली गई सनसनीखेज 77 रनों की पारी ने भारत को टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ 8-1 की बढ़त दिलाने में मदद की। टॉस जितने के बाद पाकिस्तान ने भारत को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया और 18 ओवर स्पिन गेंदबाजी कीl लेकिन भारत को मैच विजयी स्कोर बनाने से रोक नहीं पाया l सूर्यकुमार और तिलक वर्मा के बीच मजबूत साझेदारी बन रही थी और भारत अच्छी स्थिति में था। हालांकि, ब्रेक के तुरंत बाद गौतम गंभीर ने दोनों बल्लेबाजों से तीखी बहस की, जिसके बाद भारत ने दो गेंदों में दो विकेट गंवा दिए। तिलक और खतरनाक हार्दिक पांड्या पहली ही गेंद पर शून्य पर आउट हो गए।
जवाब में पहले दो ओवरों में तीन विकेट लेकर हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी की नाक में नकेल डाल दी और भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। पाकिस्तान के लिए हालात बद से बदतर होते गए और उसने पावरप्ले के अंदर ही उन्होंने चार विकेट गंवा दिए। उनकी बल्लेबाजी पूरी तरह बिखरी गयीl सलमान अली आगा ने एक चौका लगाया, लेकिन अगली ही गेंद पर आउट हो गए, जिससे पाकिस्तान का स्कोर 13/3 हो गया।
शुरुआत तो कमाल की रही। हार्दिक पांड्या, जो बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं कर पाए थे, उन्होंने पहले ही ओवर में साहिबजादा फरहान को शून्य पर आउट करके कमाल कर दिया। अगले ओवर में, साइम अयूब ने जसप्रीत बुमराह की गेंद पर छक्का लगाया, जिसके बाद ‘दुनिया के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज’ बुमराह ने एक सटीक यॉर्कर फेंककर अयूब को पवेलियन भेज दिया।
संक्षिप्त स्कोर : भारत ने 7 विकेट खोकर 175 रन बनाकर (किशन 77, सूर्यकुमार 32, अयूब 3-25) और पाकिस्तान 114 रन पर ऑल आउट (उस्मान 44, हार्दिक 2-16, बुमराह 2-17, वरुण 2-17, अक्षर 2-29) 61 रनों से हरा दिया।