पिलखी में स्वास्थ्य क्रांति की नींव: मुख्यमंत्री ने किया सीएचसी का शिलान्यास

सत्यप्रकाश ढौंडियाल
टिहरी/घनसाली

 उप-जिला अस्पताल की भी बड़ी घोषणा

घनसाली। स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिलखी, घनसाली में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का विधिवत भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया।

इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात देते हुए घोषणा की कि पिलखी या बेलेश्वर में से किसी एक स्थान पर उप-जिला अस्पताल की स्थापना की जाएगी, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल योजनाओं का शिलान्यास करना नहीं, बल्कि उनका समयबद्ध लोकार्पण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षों से बुनियादी सुविधाओं की कमी रही है, जिसे दूर करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

उन्होंने केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना है, जिसके तहत प्रत्येक परिवार को सालाना 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज मिल रहा है।

आयुष्मान कार्ड के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद लोगों को सीधे लाभ मिल रहा है। साथ ही प्रदेश में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) जैसे संस्थानों का निर्माण भी किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब सरकारी योजनाओं का लाभ डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हुई है। उन्होंने बताया कि नंदा गौरा योजना के तहत बेटियों को 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार पलायन रोकने, सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और युवाओं को रोजगार देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश को 350 करोड़ रुपये की धनराशि दी गई है और अब तक 12 हजार एकड़ से अधिक अतिक्रमित भूमि को मुक्त कराया जा चुका है। साथ ही लगभग 28 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है।

मुख्यमंत्री ने “जन-जन की सरकार” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए गांव-गांव पहुंच रही है। उन्होंने क्षेत्र की 37 प्रमुख मांगों को प्राथमिकता से पूरा करने का आश्वासन भी दिया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय इंद्राणी बंडोनी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य और विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *