सौतेले भाई ने हत्या के बाद हड़पी करोड़ो की संपत्ति

देहरादून। चर्चित कारोबारी अजय भटेजा मर्डर केस में चौंकाने वाली बात सामने आई है। सौतेले भाई की हत्या के बाद आरोपित अमित भटेजा ने धीरे-धीरे उनकी संपत्ति पर कब्जा करना शुरू कर दिया था।

अजय भटेजा जाखन, मसूरी रोड और सहारनपुर में करोड़ों संपत्ति के मालिक थे। हत्या के बाद अमित भटेजा का एकछत्र राज हो गया। सबसे पहले उसने अजय भटेजा के जाखन स्थित मकान में लंबे समय से रह रहे उत्तरकाशी निवासी सरोज देवी, नेपाल मूल के संजू भंडारी और सपना खड़का को डरा धमकाकर वहां से भगाया। इसके बाद वहां खुद रहने लगा।

आरोपित ने मसूरी रोड स्थित जमीन पर कब्जा करने की पूरी तैयारी कर ली थी। वहां पर कुछ लोगों को रखा था। राजपुर पुलिस ने जब जैकी को गिरफ्तार किया तो इसकी भनक लगते ही वह फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि अजय भटेजा की हत्या के मामले में जब पुलिस ने दबिश दी तो उस समय हुमेरा उर्फ जोया जैकी के साथ थी। जैकी ने उसे वहां से भगा दिया। अब पुलिस हुमेरा उर्फ जोया की तलाश में जुट गई है।

कारोबारी की हत्या के मामले में एक आरोपित की गिरफ्तारी के बाद पुलिस गंभीरता से पूरे मामले को देख रही है। जल्द ही फरार चल रहे मुख्य आरोपित अमित भटेजा व गिरफ्तार जैकी की प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया को गिरफ्तार कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *