पूर्णागिरि दर्शन करने आई 15 साल की किशोरी तबीयत बिगडने के बाद अस्पताल में शिशु को दिया जन्म

चंपावत। उत्तर प्रदेश से अपने परिजनों के साथ मां पूर्णागिरि के दर्शन करने को आई नाबालिग किशोरी के अविकसित शिशु को जन्म देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में टनकपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर जीरो एफआईआर दर्ज की है।

उत्तराखंड पुलिस ने उक्त मामले को यूपी के संबंधित थाने को जांच हेतु ट्रांसफर कर दिया है। नाबालिग किशोरी की तबीयत खराब होने के उपरांत उसे उपजिला चिकित्सालय में भर्ती किया गया था। वहां पर किशोरी ने छह माह के अविकसित शिशु को जन्म दिया। जन्म के कुछ देर बाद ही शिशु की मृत्यु हो गई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जनपद की 15 वर्षीय किशोरी अपने परिजनों के साथ मां पूर्णागिरि धाम के दर्शन के लिए आई थी। दर्शन के उपरांत लौटते समय किशोरी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उसे उप जिला अस्पताल टनकपुर लेकर पहुंचे।

अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में किशोरी ने लगभग छह माह के अविकसित शिशु को जन्म दिया।

चिकित्सकों के अनुसार जन्म के कुछ समय बाद ही शिशु की मृत्यु हो गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक चिकित्सीय प्रक्रिया पूरी की गई तथा डीएनए जांच हेतु नमूने सुरक्षित किए गए हैं।

अस्पताल प्रशासन द्वारा घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस के अनुसार मामले में जीरो एफआईआर दर्ज कर ली गई है। नियमानुसार प्रकरण को संबंधित क्षेत्राधिकार वाले थाने, जनपद पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) को स्थानांतरित किया जा रहा है।

टनकपुर कोतवाल चेतन रावत का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लायी जाएगी। फिलहाल उक्त मामले में जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला उत्तर प्रदेश की संबंधित कोतवाली को भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *