पौड़ी के चोरपानी जंगल में मिले दंपति के शव, आत्महत्या का शक

मौके पर मिली लावारिस बाइक से चला पता
पौड़ी गढ़वाल। कोटद्वार के चोरपानी-सनेह जंगल में सुबह एक पेड़ के पास दंपति के शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।

दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार भेजा गया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले का खुलासा 16 जुलाई की शाम जंगल में लावारिस हालत में मिली एक बाइक से हुआ। चोरपानी-सनेह जंगल के पास सड़क किनारे बिना किसी व्यक्ति के खड़ी बाइक मिलने पर पुलिस को मामला संदिग्ध लगा।

वाहन की जानकारी जुटाने के साथ ही पुलिस ने आसपास के जंगल में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। रात तक चले सर्च अभियान के बाद सुबह पुलिस टीम ने सड़क से करीब 150 मीटर अंदर जंगल में एक पेड़ के पास से पति-पत्नी के शव बरामद किए।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। जांच में मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के भूमिदान गांव निवासी अमनदीप कौर और उनके पति सतविंदर सिंह निवासी अलवर (राजस्थान) के रूप में हुई।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अमनदीप कौर पिछले कुछ दिनों से अपने मायके बिजनौर में रह रही थीं, जबकि उनके पति सतविंदर सिंह दो दिन पहले ही उनसे मिलने ससुराल पहुंचे थे। दोनों कब और किन परिस्थितियों में कोटद्वार पहुंचे, पुलिस इसकी भी जानकारी जुटा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजन तत्काल कोटद्वार पहुंचे, जहां उनकी मौजूदगी में पुलिस ने शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।

कोतवाली प्रभारी प्रदीप नेगी ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है। घटनास्थल, मृतकों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य परिस्थितियों की गहन जांच की जा रही है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दंपति जंगल तक कैसे पहुंचे, घटना से पहले दोनों की गतिविधियां क्या थीं और किन परिस्थितियों में यह दर्दनाक घटना हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *