बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला, आरोपी नौटियाल के  सरकारी आवास पर छापेमारी,जुटाई अहम जानकारी

चमोली। बदरीनाथ धाम मंदिर के चर्चित चढ़ावा चोरी केस में विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने अपनी जांच तेज कर दी है। मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल की कस्टडी मिलने के बाद एसआईटी उसे लेकर बुधवार को देहरादून पहुंची।

देहरादून में एसआईटी ने आरोपी प्रमोद नौटियाल के देहरादून स्थित सरकारी आवास की तलाशी ली। करीब तीन घंटे चली कार्रवाई के दौरान टीम ने बैंक खातों, भूमि और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की।

एसआईटी ने आरोपी के परिजनों से भी पूछताछ कर उसकी चल-अचल संपत्ति, बैंक लेनदेन और अन्य वित्तीय जानकारियां जुटाई। एसआईटी के अधिकारियों के अनुसार बरामद दस्तावेजों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस संबंध में बदरीनाथ धाम थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) महादेव उनियाल ने बताया कि एसआईटी की टीम देहरादून स्थित सरकारी आवास पर जांच के लिए पहुंची थी। प्रारंभिक तलाशी में कोई बड़ी आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई, लेकिन बैंक खातों, जमीन और अन्य संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की गई है। मामले की जांच अभी जारी है।

उधर, एसआईटी की पूछताछ के दौरान प्रमोद नौटियाल के बदरीनाथ स्थित सरकारी कमरे की तलाशी में चांदी के सिक्के, चांदी का नाग, चांदी की एक मूर्ति, नेपाली मुद्रा की 50-50 रुपये मूल्यवर्ग की दो गड्डियों के साथ ही लगभग पांच हजार रुपये भारतीय मुद्रा बरामद होने की जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसी इन वस्तुओं के स्रोत और प्रकरण से उनके संबंध की भी पड़ताल कर रही है। पुलिस रिमांड पर चल रहे आरोपी प्रमोद नौटियाल से एसआईटी लगातार पूछताछ कर रही है।

इसके अलावा गुरुवार को टीम उसे बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) कार्यालय भी लेकर पहुंची, जहां उससे विभिन्न अभिलेखों, वित्तीय प्रक्रियाओं और मामले से जुड़े तथ्यों के संबंध में पूछताछ की गई। जांच एजेंसी घटनाक्रम से जुड़े प्रत्येक पहलू की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

एसआईटी को न्यायालय से चार दिन की पुलिस रिमांड मिली है। इस अवधि में आरोपी से लगातार पूछताछ के साथ दस्तावेजी और तकनीकी साक्ष्यों का मिलान किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले के संबंध में अंतिम निष्कर्ष सामने आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *