बूढ़ाकेदार-पिनस्वाड मोटर मार्ग बदहाल, 5 सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन, एक माह में कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

बूढ़ाकेदार / टिहरी गढ़वाल। विकासखंड बालगंगा के अंतर्गत बूढ़ाकेदार क्षेत्र की धर्मगंगा घाटी की 5 ग्राम पंचायतों – पिनस्वाड, कोटी, अगुण्डा, तितरूणा, थाती बूढ़ाकेदार के ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने धर्मगंगा विकास संघर्ष समिति बूढ़ाकेदार के बैनर तले जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल को पत्रांक Y.1/जिलाधिकारी/2026 दिनांक 15/09/2026 के माध्यम से 5 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा है।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि एक माह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संघर्ष समिति उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

ज्ञापन में उठाई गई प्रमुख समस्याएं –

1. बूढ़ाकेदार-पिनस्वाड मोटर मार्ग क्षतिग्रस्त: PMGSY नई टिहरी द्वारा निर्मित बूढ़ाकेदार से पिनस्वाड मोटर मार्ग विगत वर्षों की अतिवृष्टि से जगह-जगह टूट चुका है। सड़क पर पानी बह रहा है, बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद है और ग्रामीणों को आवाजाही में भारी परेशानी हो रही है।

2. पिनस्वाड में आज भी नेटवर्क नहीं: ग्रा०प० पिनस्वाड में इस आधुनिक युग में भी मोबाइल नेटवर्क की सुविधा नहीं है। नेटवर्क न होने से भारत सरकार व राज्य सरकार की योजनाएं धरातल पर नहीं उतर पा रही हैं, राशन, गैस आपूर्ति, और विदेशों में रह रहे ग्रामीणों का अपने परिवार से संपर्क नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने शीघ्र टावर लगाने की मांग की है।

3. सिंचाई नहर क्षतिग्रस्त: सिंचाई विभाग की खाकर-कोटी वहद अगुण्डा नहर जगह-जगह क्षतिग्रस्त पड़ी है, जिससे किसानों को सिंचाई करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

4. नदी से सुरक्षा कार्य की मांग: हर्मनगांव नई JIC कोटी अगुण्डा के जोरा कटवा पर नदी में ग्रा०प० अगुण्डा व कोटी की सुरक्षा के लिए सिंचाई विभाग से सुरक्षात्मक कार्य करवाने की मांग की गई है।

5. जूनियर हाईस्कूल पिनस्वाड में शिक्षक नहीं: ग्रा०प० पिनस्वाड के जूनियर हाईस्कूल में अध्यापक न होने से करीब 100 बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है, जिससे बच्चों का भविष्य खतरे में है।

ज्ञापन देने वालों में सुरेंद्र सिंह पंवार (क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि), जितेंद्र सिंह गोसाई (प्रतिनिधि जिला पंचायत), दिनेश चंद्र भट्ट (प्रधान कोटी), भगवान सिंह रावत (पूर्व प्रधान अगुण्डा), प्रधान ग्राम पंचायत पिनस्वाड, प्रधान ग्राम पंचायत अगुण्डा, श्रीमती मकानी देवी (सदस्य जिला पंचायत वार्ड-24 थाती बूढ़ाकेदार) सहित धर्मगंगा विकास संघर्ष समिति बूढ़ाकेदार के अध्यक्ष/सचिव/कोषाध्यक्ष शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *