अपनी बहन से प्रेम प्रसंग के शक में युवक ने की पड़ोसी की गोली मारकर हत्या

बहन को भी गोली मारकर किया गंभीर घायल
रुड़की।  शनिवार सुबह झबरेड़ी कलां गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने पड़ोस में रहने वाले युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपित ने घर पहुंचकर अपनी बहन को भी गोली मार दी। गोली लगने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।

वारदात के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार झबरेड़ी कलां गांव निवासी अमन को अपनी बहन रूपा के पड़ोस में रहने वाले मुन्ना उर्फ सूरज से प्रेम प्रसंग को लेकर शक था।
बताया जा रहा है कि  करीब एक वर्ष पहले भी इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था।

हालांकि, उस समय मामला शांत हो गया था। पुलिस के मुताबिक पुरानी रंजिश और प्रेम प्रसंग को लेकर चल रहा विवाद शनिवार सुबह एक बार फिर भड़क गया। शनिवार सुबह मुन्ना अपने घर में लेटा हुआ था। इसी दौरान अमन तमंचा लेकर वहां पहुंचा और मुन्ना को गोली मार दी।

गोली लगने से मुन्ना गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन जब तक कुछ समझ पाते, उसकी मौत हो चुकी थी। वारदात के बाद आरोपित वहां से निकलकर अपने घर पहुंचा और अपनी बहन रूपा को भी गोली मार दी।

गोली लगने से रूपा गंभीर रूप से घायल हो गई। इस वारदात से गांव में अफरा-तफरी मच गयी। पुलिस मौके पर पहुंची और सबको कब्जे में लिया घर रूपा को हायर सेंटर रेफर किया गया है।

एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि आरोपित की तलाश की जा रही है एक ही गांव के दो परिवारों के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर पहले से विवाद चला आ रहा था। करीब एक वर्ष पूर्व भी इस मामले में कहासुनी और विवाद की बात सामने आई थी।

पुलिस अब पुराने विवाद समेत घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में प्रयुक्त तमंचा आरोपित के पास कहां से आया।युवती और पड़ोसी युवक से जुड़ी इस वारदात के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल युवती का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद की बात सामने आई है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और आरोपित की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *