कालसी थाने में तैनात मुख्य आरक्षी अमित टम्टा का निधन, पुलिस महकमे में शोक की लहर

देहरादून। सोमवार सुबह थाना कालसी में तैनात मुख्य आरक्षी अमित टम्टा का उपचार के दौरान निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और दिल्ली के आईआईबीएस अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। उनके निधन की सूचना मिलते ही देहरादून पुलिस और कालसी थाने में शोक की लहर दौड़ गई।

अमित टम्टा मूल रूप से नैनीताल जिले के रहने वाले थे। वर्तमान में वह अपने परिवार के साथ डाकपत्थर, विकासनगर में रह रहे थे। परिवार में उनकी पत्नी, एक पुत्री और एक पुत्र हैं।

एसएसपी देहरादून ने मुख्य आरक्षी अमित टम्टा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने ईश्वर से परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की कामना की।

अमित टम्टा वर्ष 2002 में आरक्षी के पद पर पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। करीब 24 वर्षों की सेवा के बाद वर्ष 2026 में उन्हें मुख्य आरक्षी के पद पर पदोन्नति मिली थी।

पुलिस विभाग के अनुसार वह अपने सौम्य और शालीन व्यवहार के साथ कर्तव्य के प्रति संवेदनशीलता और समर्पण के लिए पहचाने जाते थे। कालसी थाने में तैनात अमित टम्टा के असमय चले जाने से उनके साथी पुलिसकर्मियों में भी गहरा शोक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *