प्रेम प्रसंग चलते मैकेनिक को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट,चार गिरफ्तार
उत्तरकाशी। प्रेम प्रसंग के चलते कुछ लोगों ने मोटर मैकेनिक को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इस मामले पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि चिन्यालीसौड़ बधाण निवासी रोशन लाल (34) पुत्र स्व. नैननाल गांव के कुछ लोगों के साथ कुटेटी बैरियर की ओर घूमने गया था। इस दौरान उसके साथ मौजूद लोगों ने उससे मारपीट की। उन्होंने जख्मी रोशन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और फरार हो गए।
उपचार के दौरान रोशन की मौत हो गई। मृतक के बड़े भाई संजय लाल ने थाना कोतवाली में आरोपी रामलाल, लखमा देवी, अर्जुन, विकास, मनोज, केशव और विरेन्द्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। धरासू पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर अर्जुन, विकास, विरेन्द्र और केशव को गिरफ्तार कर लिया है। रोशन की चिन्यालीसौड़ में मोटर मैकेनिक की दुकान थी।
मृतक के बड़े भाई संजय लाल ने बताया कि रोशन अविवाहित था। बीते 29 सितम्बर को रोशन गांव की एक महिला को भगाकर शादी के लिए ले गया था। उक्त महिला का पति रिश्ते में रोशन का भतीजा था जो दो बच्चों की मां है।
पुलिस ने रोशन और महिला को स्यांसू बैरियर के पास पकड़ लिया। बताया कि गत एक अक्टूबर को एक आरोपी ने उन्हें फोन किया कि वह रोशन को कोर्ट भेज दें ताकि उक्त महिला का पति से तलाक कराया जा सके। जिसके बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया।