हरीश रावत समेत 30 कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड प्रकरण में कथित वीआईपी को राज्यपाल बनाए जाने के विरोध हंगामा बरपा हुआ है। इस मामले में बीते रोज कांग्रेस ने बिना अनुमित के लोकभवन गेट के सामने प्रदर्शन किया।अब इस मामले में पुलिस ने एक्शन ले लिया है।

इस प्रदर्शन को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक और पार्टी के अन्य नेताओं समेत 30 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

एफआईआर में 10 से 15 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता  की धारा 132 और 223 के तहत मामला दर्ज किया है।

थाना कैंट प्रभारी संतोष सिंह कुंवर ने शिकायत दर्ज कराई है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड प्रकरण में कथित वीआईपी को राज्यपाल बनाए जाने के विरोध में घंटाघर से जिला प्रशासन तक कैंडल मार्च निकाला कर जिला प्रशासन को ज्ञापन देना था, लेकिन कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बिना अनुमति के ही लोकभवन तक पहुंच गए।

उन्होंने लोकभवन गेट के सामने प्रदर्शन किया। पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके बाद भी प्रदर्शनकारी नहीं माने।

पुलिस की ओर से दर्ज एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शनकारियों को बिना अनुमति आगे बढ़ने और यातायात बाधित नहीं करने के लिए समझाया गया, लेकिन वे नहीं माने. आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के निर्देशों की अनदेखी करते हुए बैरियर पार करने और जबरन आगे बढ़ने का प्रयास किया।

इससे सरकारी कार्य में बाधा और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बनी। पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल भी मौके पर बुलाया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया गया।

एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया थाना कि कैंट प्रभारी संतोष सिंह कुंवर की शिकायत के आधार पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल,प्रीतम सिंह,हरक सिंह रावत,ज्योति रौतेला,गरिमा दोसानी,पूर्व विधायक राजकुमार समेत 30 कांग्रेस नेता ओर 10 से 15 अज्ञात कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

मामले की विवेचना पुलिस उपनिरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट को सौंपी गई है। साथ ही पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 132 और 223 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *