घनसाली में भाजपा की संगठनात्मक बैठक संपन्न, मिशन 2027 पर बनी रणनीति
घनसाली / टिहरी गढ़वाल – घनसाली विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आज श्रीराम होटल, घनसाली में आयोजित की गई। बैठक का आयोजन मण्डल अध्यक्ष हुलानखाल सहित सभी मण्डल अध्यक्षों की अध्यक्षता में किया गया।
बैठक में घनसाली विधानसभा के नव नियुक्त मिशन चुनाव प्रभारी राजेन्द्र जुयाल के मार्गदर्शन में पार्टी को मजबूत करने पर गहन मंथन हुआ। इस दौरान विधानसभा के मिशन 2027 के विस्तारक विजय सिंह रावत भी मौजूद रहे, जो चुनाव तक घनसाली विधानसभा में प्रवास करेंगे।
बैठक में जानकारी दी गई कि घनसाली विधानसभा में कुल 37 शक्ति केंद्रों में से 10 शक्ति केंद्रों के संयोजक प्रतिनिधि मौजूद रहे। कुल 161 बूथों में से 159 बूथों का गठन हो चुका है, जिसमें से 28 बूथ अध्यक्ष बैठक में मौजूद रहे।
बैठक में जिले के ऊर्जावान जिलाध्यक्ष उदय सिंह रावत, घनसाली के लोकप्रिय विधायक शक्ति लाल शाह, ब्लॉक प्रमुख भिलंगना राजीव कंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष घनसाली आनंद बिष्ट, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सोहन लाल खंडेवाल, दर्शन लाल आर्य, पूर्व प्रमुख श्रीमती वसुमती घनाता, श्रीमती इंदु डंगवाल,चंद्रमोहन नौटियाल, अनूप बिष्ट, रामकुमार, अनिल चौहान, तेजराम सेमवाल, दिनेश भजनियाल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में लिए गए मुख्य संकल्प –
1. बूथ जीतो – चुनाव जीतो: जिलाध्यक्ष उदय सिंह रावत ने कहा कि सुझाव-शिकायत नहीं, पार्टी को विजय कैसे बनाना है यह जरूरी है। बूथ सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया गया।
2. पन्ना प्रमुख और बूथ समिति को और अधिक सक्रिय व सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।
3. विधायक शक्ति लाल शाह ने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विधायक शक्ति लाल शाह के पिता के कार्यों को भी याद किया।
4. प्रभारी राजेन्द्र जुयाल ने कहा कि हम सबकी जिम्मेदारी चुनाव जीतना और बूथ को मजबूत कर अपनी पहचान बनाना है। सभी कार्यकर्ताओं को अपने-अपने बूथ, शक्ति केंद्र और मण्डल में मजबूत होने का आह्वान किया।
5. ब्लॉक प्रमुख राजीव कंडारी ने कहा कि कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया या न्यूज चैनलों पर गलत कमेंट व गलत बयानों से बचना चाहिए और सभी को भाजपा के कमल निशान के लिए काम करना है।
6. नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद बिष्ट ने कहा कि हमें मिशन 2027 में घनसाली विधानसभा में चौथी बार भाजपा को जिताना है। जैसे 2012, 2017 और 2022 में मजबूती से चुनाव लड़ा, वैसे ही एकता का परिचय देकर ऐतिहासिक मतों से विजय प्राप्त करनी है। कार्यकर्ता की पहचान मण्डल अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, विधायक या जिला अध्यक्ष से नहीं, बल्कि अपना बूथ जीतने से होती है।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने पूर्ण एकजुटता के साथ “कमल खिलेगा बूथ-बूथ, संकल्प हमारा 2027 मजबूत!” के नारे के साथ मिशन 2027 में घनसाली विधानसभा से रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज कराने का संकल्प लिया।