G-KBRGW2NTQN नौगांव में भूस्खलन से 5 दर्जन मवेशी जिंदा दफन – Devbhoomi Samvad

नौगांव में भूस्खलन से 5 दर्जन मवेशी जिंदा दफन

आपदा प्रबंधन मंत्री डा. धन सिंह रावत के पैतृक गांव की घटना
पौड़ी। प्रदेश के आपदा प्रबंधन व स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत के पैतृक गांव में बीती रात पहाड़ी दरकने से करीब 60 मवेशियों की मलबे में दबने से मौत हो गई। घटना में चार गौशालाएं जमींदोज हो गई। भूस्खलन गांव से बिल्कुल सटी हुई पहाड़ी से हुआ, लेकिन गनीमत रही कि ग्रामीणों के आवासीय मकान इसकी चपेट में आने से बच गए। ग्रामीणों व पुलिस के जवानों ने दिनभर मलबे में दबे पशुओं को बाहर निकाला। जिलाधिकारी डा0 विजय कुमार जोगदण्डे से घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत कार्यों की समीक्षा की।
खिसरू विकासखण्ड के नौगांव में शुक्रवार रात तेज बारिश के बीच अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरककर नीचे आ गया। भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में ग्रामीणों की गौशालाएं बनी हुई थीं। पहाड़ी के मलबे में चार गौशालाएं पूरी तरह से मलबे में दब गईं। इस घटना में 51 बकरी, 3 गाय, 1 बछड़ा एवं 2 जोड़ी बैल मलबे में दबकर मर गए। 1 दुधारू गाय व बछड़े को मलबे से जीवित निकाला गया।  जबकि 01 दुधारू गाय व 01 बछड़ा घायल हैं। ग्रामीणों ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे यह हादसा हुआ। तेज बारिश होने के कारण रात को घटना की जानकारी नहीं हो पाई। सुबह जब ग्रामीण अपने मवेशियों को चारा देने गए तो उन्हें सबकुछ मलबे में तब्दील मिला। इस हादसे में नौगांव निवासी वीर सिंह पुत्रि दौलत सिंह की गौशाला समेत दो जोड़ी बैल व 46 बकरियां मलबे में दबकर मर गईं। सोबत सिंह पुत्र भजन सिंह की बैलों की जोड़ी व 2 बकरियां, दयाल सिंह पुत्र चंद्र सिंह की 3 बकरियां व मंगसीर सिंह की गौशाला बह गई। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम व ग्रामीणों ने मलबे को हटाकर उसमें दबे मवेशियों को बाहर निकाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *