G-KBRGW2NTQN वीर सैनिकों को सम्मान देकर हम सब हो रहे सम्मानित : मुख्यमंत्री  – Devbhoomi Samvad

वीर सैनिकों को सम्मान देकर हम सब हो रहे सम्मानित : मुख्यमंत्री 

पिथौरागढ़। मूनाकोट ब्लॉक के झौलखेत में शहीद सम्मान यात्रा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पिथौरागढ़ जिला हमेशा से रणबांकुरों की भूमि रही है। शहीदों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि मुझे आज अपनी जन्मभूमि सोर घाटी की धरती को नमन करने का अवसर मिला है। उन्होंने सैनिकों के हित में लिए जा रहे निर्णयों एवं उनका उत्साह बढ़ाने के लिए किये जा रहे सराहनीय प्रयासों के लिए केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड सैनिक बहुल प्रदेश है। वीर भूमि पिथौरागढ़ में वीर सैनिकों के परिजनों एवं वीरांगनाओं को सम्मानित कर हम सब सम्मानित हो रहे हैं। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार द्वारा जनहित एवं प्रदेशहित में लिए जा रहे अनेक निर्णयों का भी जिक्र किया। उन्होंने इस अवसर पर रक्षा मंत्री से अनुरोध किया कि पिथौरागढ़ क्षेत्र में पहले बी.आर.ओ. (सेना भर्ती कार्यालय) काम करता था, जो यहां से शिफ्ट हो गया। जिसकी यहां पर पुन: स्थापना होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद सम्मान यात्रा का पहला शुभारम्भ चमोली जिले के सवाड़ में किया गया। सवाड़ में केन्द्रीय विद्यालय की लंबे समय से मांग है। उसके लिए सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर केन्द्रीय विद्यालय खोलने का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा जायेगा। सवाड़ में स्मारक की देखरेख के लिए कर्मचारियों की व्यवस्था की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुराने सैनिक स्मारकों के जीर्णोधार एवं जनपद पिथौरागढ़ में नये सैनिक विश्राम गृह तथा सैन्य अधिकारियों के आवास के लिए धनराशि तत्काल जारी की जायेगी।
   इस अवसर पर केन्द्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि शहीद सम्मान यात्रा, वीर सैनिकों के सम्मान को बढ़ाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, उस समय उनके हस्ताक्षर से ही उत्तराखंड राज्य बना। इन्होंने हमेशा ही उत्तराखंड राज्य के हित में सोचते हुए कार्य किया। भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, धीर गंभीरता से सरकार चला रहे हैं। राज्य के हित में त्वरित निर्णय ले रहे हैं। प्रदेश के सैनिक कल्याण मंत्री एवं कार्यक्रम के संयोजक गणोश जोशी ने कहा कि उत्तराखण्ड वीरों की भूमि है। यहां हर घर से वीर जवान देश की सीमा में रहकर सेवा कर रहा है। यहां के वीर जवानों ने सीमा की रक्षा में अपना बलिदान दिया है। इस बलिदान को याद करने तथा उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है। जिसके तहत प्रत्येक शहीद के घर के आंगन से पवित्र मिट्टी कलश में लेकर देहरादून में बनने वाले शहीद धाम तक ले जाएगी। इसके लिए प्रत्येक विकास खण्ड से शहीद सम्मान यात्रा निकाली जा रही है। इस अवसर पर  विधायक पिथौरागढ़ चंद्रा पंत ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।    कार्यक्रम में पेयजल मंत्री विशन सिंह चुफाल, सांसद अजय टमटा, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा मदन कौशिक, अध्यक्ष जिला पंचायत दीपिका बोहरा, अध्यक्ष नगर पालिका राजेन्द्र सिंह रावत, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल, जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र वल्दिया, जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान, पुलिस अधीक्षक लोकेर सिंह, सीडीओ अनुराधा पाल, संयुक्त मजिस्ट्रेट नंदन कुमार, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी बीपी भट्ट समेत शहीद परिवारों के परिजन, पूर्व सैनिक समेत क्षेत्रीय जनता उपस्थित थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *