G-KBRGW2NTQN कार खाई में गिरी, दो की मौत, तीन महिलाओं सहित छह घायल – Devbhoomi Samvad

कार खाई में गिरी, दो की मौत, तीन महिलाओं सहित छह घायल

चम्पावत। लोहाघाट क्षेत्र में मंदिर में पूजा कर लौट रहे ग्रामीणों का वाहन गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। शनिवार की रात लोहाघाट विकास खंड के रेगडू गांव निवासी हयात राम पुत्र महर राम तथा पूरन राम पुत्र मोहन राम ने गांव से कुछ दूर कैलबकरिया मंदिर में पूजा का आयोजन किया था। पूजा में शामिल होने के लिए दोनों के रिश्तेदार और कुछ ग्रामीण भी दो वाहनों से गए थे। पूजा सम्पन्न होने के बाद सभी लोग रात में ही वापस घर की ओर लौट आए। बताया जा रहा है कि रात दो बजे के करीब ग्रामीणों को ला रहा बुलेरो वाहन संख्या यूके 01टीए,1505 अनियंत्रित होकर सौ मीटर गहरी खाई में गिर गया।
घटना की जानकारी के बाद रात में ही लोहाघाट पुलिस, फायर विभाग के जवान मौके पर पहुंचे और उन्होंने आस-पास के लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाल उपचार के लिए लोहाघाट अस्पताल भेजा। घटना में विशाल सिंह (18) पुत्र लाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल ममता (22) पुत्री जगत राम को हायर सेंटर रेफर कर दिया। जिसने रविवार की सुबह सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
हादसे में चालक मुकेश (32) पुत्र हरीश सिंह, हयात राम (55) पुत्र महर राम, तुलसी देवी (60) पत्नी स्वर्गीय गोपाल राम, पूजा (29) पुत्री संजय कुमार, राहुल (18) पुत्र जगदीश राम, हेमा (26) पुत्री बजीर राम भी घायल हो गए। इन सभी का उपचार लोहाघाट के बाद जिला अस्पताल में चल रहा है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। रविवार की सुबह विधायक पूरन सिंह फत्र्याल एवं बाराकोट की ब्लॉक प्रमुख विनीता फत्र्याल ने अस्पताल जाकर घायलों का हाल जाना। विधायक ने चिकित्सकों को घायलों का बेहतर उपचार करने के निर्देश दिए। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *