G-KBRGW2NTQN आईआईटी में एक करोड़ के गबन के आरोपित की जेल में मौत  – Devbhoomi Samvad

आईआईटी में एक करोड़ के गबन के आरोपित की जेल में मौत 

मृतक के परिजनों ने अस्पताल में काटा हंगामा
रुड़की। आईआईटी में एक करोड़ से अधिक की धनराशि के गबन के मामले के आरोपित की रुड़की उपकारागार में संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। विचाराधीन कैदी की मौत हो जाने से जेल प्रशासन में हडकंप मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। मौत की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन सिविल अस्पताल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। जेल प्रशासन जहां मौत का कारण हार्ट अटैक बता रहा है वही मृतक की पत्नी ने जेल प्रशासन के साथ ही आईआईटी के कई अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया। पुलिस ने बामुश्किल आक्रोशित परिजनों को शांत किया। खबर लिखे जाने तक मामले की तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।
रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने 26 अक्टूबर को धीरज कुमार उपाध्याय पटेरहा थाना पडरौना जिला कुशीनगर उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के समय आरोपित सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के भंगेड़ी गांव में रह रहा था। पुलिस अधिकारियों ने खुलासे में बताया था कि आरोपित क्लर्क के पद पर तैनात था। वर्ष 2017 से वह संस्थान की धनराशि अपने खाते में ट्रांसफर कर रहा था। गिरफ्तारी के समय आरोपित के खाते में 20 लाख रुपए जमा थे जिन्हें होल्ड करवा दिया गया था।
आरोप था कि धीरज ने करीब 13 बैंकों की ट्रांजक्शन दिखाकर एक करोड़ पांच लाख 35 हजार का गबन किया था। जिसकी रिपोर्ट 11 दिसंबर 2020 को आईआईटी के कर्मचारी प्रशांत गर्ग ने दर्ज कराई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था लेकिन आरोपित पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पा रहा था। घटना एक वर्ष के बाद आरोपित को पुलिस ने 26 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था और उसे उपकारागार रुड़की में रखा गया था। बताया गया है कि शुक्रवार को धीरज की उपकारागार के बैरंग में संदिग्ध हालत में मौत हो गई। जेल पुलिस कर्मियों ने मामले की जानकारी आला अधिकारियों को दी। जेल में विचाराधीन कैदी की मौत हो जाने की जानकारी मिलने से अधिकारियों में हडकंप मच गया। जेल अधिकारियों ने मामले की सूचना गंगनहर कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस आरोपित को सिविल अस्पताल ले गई जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जेल प्रशासन ने मामले से मृतक के परिजनों को अवगत कराया। मौत की सूचना मिलने पर मृतक की पत्नी अन्य परिजनों के साथ सिविल अस्पताल पहुंची और जमकर हंगामा किया। बताया गया है कि जेल प्रशासन जहां विचाराधीन कैदी की मौत का कारण हार्ट अटैक बता रहा है वही मृतक की पत्नी सीमा उपाध्याय का कहना है कि उनके पति को हार्ट की कोई बीमारी नहीं थी और वह दो दिन पहले ही मुलाकात करके आई थी। इस दौरान मृतक की पत्नी ने जेल प्रशासन के साथ ही आईआईटी के अधिकारियों पर कई गंभीर आरोप भी लगाये है। पुलिस ने शव को कब्जें में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दौरान पुलिस ने आक्रोशित लोगों को बामुश्किल शांत किया। खबर लिखे जाने तक मामले की तहरीर पुलिस को नहीं मिल पाई है। एसपी देहात प्रमेंद्र सिंह डोभाल का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण स्पस्ट हो पायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *