G-KBRGW2NTQN चिकित्सक दंपति ने गटका जहर, पति की मौत, पत्नी गंभीर – Devbhoomi Samvad

चिकित्सक दंपति ने गटका जहर, पति की मौत, पत्नी गंभीर

रुड़की। सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के सोलानीपुरम में एक चिकित्सक और उनकी पत्नी ने जहर खा लिया। गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर चिकित्सक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि उनकी पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है। मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के सोलानीपुरम में डॉ. सुदेश कुमार (70) पत्नी सुमन (65) और पुत्र वैभव के साथ रहते थे। रविवार सुबह के वक्त वैभव मानिर्ंग वॉक के लिए गया था। पुलिस के अनुसार वैभव वॉक के बाद घर लौटा। लेकिन माता और पिता ने दरवाजा नहीं खोला।
शोर शराबा होने पर क्षेत्रवासियों ने भी डोरबेल बजाकर उन्हें बाहर आने के लिए कहा। लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक पुत्र और क्षेत्रवासी दरवाजा खटखटाते रहे। अनहोनी की आशंका पर पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। पुलिस और क्षेत्रवासी कटर की मदद से दरवाजा खोलकर आवास के अंदर दाखिल हुए। पुलिस ने दंपति को बेसुध अवस्था में घर के अंदर पड़ा देखा। जिसके बाद दोनों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने सुदेश को मृत घोषित कर दिया। जबकि पत्नी सुमन को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कर लिया। सिविल लाइंस कोतवाली इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि सोलानीपुरम स्थित अपने आवास में बुजुर्ग दंपति बेसुध अवस्था में मिले थे। चेकअप में पति को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि पत्नी का उपचार चल रहा है। पुत्र से भी पुलिस मामले को लेकर जानकारी जुटा रही है। हालांकि बुजुर्ग की मौत किन परिस्थितियों में हुई है इसकी सही जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चल पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *