नई दिल्ली। कोरोना वायरस के चलते पूरी दुनिया में मचे हाहाकार के बीच भारत का वंदे भारत मिशन सफलता की नई कहानी गढ़ रहा है। इस मिशन के तहत विदेशों में फंसे भारतीयों को स्वदेश वापस लाने की कवायद युद्ध स्तर पर चल रही है। आपको बता दें कि इस बार का मिशन खाड़ी युद्ध के दौरान किए गए ऑपरेशन डेजर्ट स्ट्रॉम से कहीं अधिक बड़ा है। दुनिया के इतिहास में 1990 में चलाया गया भारत सरकार का ये मिशन अब तक का सबसे बड़ा ऐसा मिशन रहा है जिसमें 1.70 भारतीयों को जोर्डन, अम्मान और कुवैत से सुरक्षित बाहर निकाला था।इस बार का ये मिशन इसलिए भी काफी बड़ा है क्योंकि इस बार किसी एक देश से भारतीयों को सुरक्षित स्वदेश नहीं लाना है बल्कि पूरी दुनिया से उन्हें लेकर आना है। कोरोना महामारी ने पूरी दुनिया की हालत पस्त कर दी है। इसकी वजह से पूरी दुनिया में करोड़ों लोग बेरोजगार हुए हैं जिनमें एक बड़ी संख्या भारतीयों की भी है। इसकी वजह से भारतीयों के सामने खाने की भी समस्या खड़ी हो गई है। ऐसे में भारत सरकार ने उन्हें वापस लाने की कवायद शुरू की है।