G-KBRGW2NTQN हर घर तिरंगा अभियान में उत्तराखंड पहले नंबर पर रहे : सीएम  – Devbhoomi Samvad

हर घर तिरंगा अभियान में उत्तराखंड पहले नंबर पर रहे : सीएम 

गृहमंत्री अमित शाह  लगातार तिरंगा अभियान की समीक्षा कर रहे
-भाजपा प्रदेश मुख्यालय में तिरंगा विक्रय केंद्र का भी शुभारंभ किया
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर  सिंह धामी ने  प्रदेश में  ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव में हर घर तिरंगा अभियान में उत्तराखंड पहले नंबर एक पर रहे इसके लिए सभी को अभियान को भव्य रूप देने के लिए प्रयत्न करना चाहिए। धामी ने अभियान की गंभीरता बताते हुए कहा कि, गृहमंत्री अमित शाह  लगातार तिरंगा अभियान की समीक्षा कर रहे हैं। पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानो के लाखों बच्चे इस कार्यक्रम से जुड़ने वाले हैं। उन्होंने कहा कि अमृत महोत्सव के कार्यक्रमों में भी उत्तराखंड अव्वल ही रहने वाला है। इसके पहले मुख्यमंत्री ने मुख्य सेवक सदन में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के संबंध में विभिन्न गैर सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट को तिरंगा सौंपा। इसके बाद भाजपा मुख्यालय में मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने तिरंगा विक्रय केन्द्र का भी शुभारंभ किया गया।
मुख्यमंत्री ने आह्वाहन किया कि दो अगस्त से सोशल मीडिया एकाउंट्स पर तिरंगा की डीपी एवं 13 अगस्त से 15 अगस्त तक सभी अपने घरों में तिरंगा लगायें। 9 अगस्त को देहरादून में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।
कार्यक्रम भारत सरकार का भाजपा इसमें सहयोग कर रही : संबित पात्रा
भाजपा के राष्ट्रीय  प्रवक्ता संबित पात्रा ने बताया कि, हर घर तिरंगा कार्यक्रम भारत सरकार का है और पार्टी इस कार्यक्रम में सहयोग कर रही है कि हम हर घर तक कैसे पहुंचे और इस कार्यक्रम को भव्य रूप दें सके। 15 अगस्त 2022 से 2023 तक तिरंगा कार्यक्रम एक भव्य अभियान का रूप लेगा और इसको हम आजादी का अमृत उत्सव के रूप में मनाएंगे व आने वाले अगले 25 वर्ष विकास को समर्पित होगें जिन्हें हम आजादी की बेला के रूप में मनाएंगें।
तिरंगा अभियान का आरम्भ 9 अगस्त से आरम्भ होगा : अजेय कुमार
प्रदेश महामंत्री ’संगठन’ अजेय कुमार ने बताया कि तिरंगा अभियान का आरम्भ 9 अगस्त से आरम्भ होगा प्रत्येक शक्ति केंद्र व बूथ को इससे जोड़ा गया है प्रत्येक बूथ पर 7 व्यक्तियों की टीम बनाई गई है। 15 जुलाई से 30 सितम्बर तक आजादी का अमृत महोत्सव का जन जन तक प्रचार प्रसार के साथ ही हर व्यक्ति को कोरोना की बूस्टर डोज लगाने का अभियान भी चलाया जायेगा, जिसमें कार्यकर्ता जन जागरण का भी कार्य करेंगे। तिरंगा अभियान के प्रचार – प्रसार के लिए प्रभात फेरी का भी आयोजन किया जायेगा साथ ही वन्दे मातरम् यात्रा, रघुपति राघव राजा राम का जय घोष  किया जायेगा। युवा मोर्चा द्वारा मोटर साईकिल यात्रा निकाली जायेगी। पद्म विभूषण  व अन्य समाज के गणमान्य व्यक्तियों के द्वारा इस अभियान से आम जन को जोड़ने के लिए प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *