G-KBRGW2NTQN मशरूम गर्ल’ दिव्या रावत के साथ 77 लाख की धोखाधड़ी – Devbhoomi Samvad

मशरूम गर्ल’ दिव्या रावत के साथ 77 लाख की धोखाधड़ी

देहरादून। मशरूम उत्पादन में उपलब्धि हासिल कर मशरूम गर्ल के नाम से पहचानी जाने वाली दिव्या रावत और उसके भाई से कुछ लोगों ने 77 लाख रुपए की धोखाधड़ी कर डाली। आरोपितों ने मशरूम गर्ल को जिम का सामान बेचने और रेस्तरां खोलने समेत अन्य कारोबार का झांसा दिया था। मशरूम गर्ल के भाई की शिकायत पर नेहरू कालोनी पुलिस ने इस मामले में कई लोगों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।
नेहरू कालोनी पुलिस के अनुसार मामले में मोथरोवाला के रहने वाले राजपाल सिंह रावत ने शिकायत दी है। राजपाल ने बताया है कि वह सौम्य फूड्स प्राइवेट लिमिटेड में अपनी बहन के साथ काम करता है। दोनों भाई-बहन मशरूम से बने प्राकृतिक पौष्टिक आहार के साथ व्यायाम, योग व रेस्तरां व मशरूम उत्पाद बेचने का काम करते हैं। मशरूम के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने के कारण उसकी बहन दिव्या रावत को मशरूम गर्ल के नाम से जाना जाता है। वह मशरूम की ब्रांड अंबेसडर है। उसे नारी शक्ति सम्मान से नवाजा जा चुका है। देशभर से लोग मशरूम की खेती का प्रशिक्षण लेने उसकी बहन के पास आते हैं। इसी प्रशिक्षण के लिए अप्रैल 2019 में जितेन्द्र नन्द किशोर भाखड़ा ने उनसे सम्पर्क किया। प्रशिक्षण के दौरान जितेन्द्र नन्द किशोर भाखड़ा को पता चला कि वे जिम व रेस्तरां खोलना चाहते हैं। उसने बताया कि उसके लवासा पुणो में तीन रेस्तरां हैं। जिम के बारे में भी उसे अनुभव है।
उसने यकीन दिलाया कि उसकी कम्पनियां मैसर्स नमस्या प्रीसिसन से वह जिम की मशीनें व अन्य सामान उपलब्ध कराएगा व कारोबार की जानकारी भी देगा। उसकी दूसरी फर्म मैसर्स प्रीक्वल सिस्टम जिसमें जितेन्द्र नन्द किशोर भाखडा व उनकी बहन प्रीति वर्मा पार्टनर हैं, से वह रेस्तरां के लिए फर्नीचर, लकड़ी का कार्य, बिलिंग सॉफ्टवेयर, मार्केटिंग वेबसाइट, कम्प्यूटर इत्यादि की पूर्ति के साथ जानकारी भी देगा। उस पर भरोसा करके उन्होंने आरोपित को समय-समय पर लाखों रुपए का भुगतान कर दिया। रकम लेने के बाद आरोपित ने बताया कि जिम में इंटीरियर का काम पूरा होने के बाद मशीनों मंगवा कर लगा दी जाएंगी। अभी मशीनें मुंबई के एक गोदाम में रखी हैं। इस दौरान मार्च 2020 में लॉकडाउन लग गया। उनका काम रुक गया। उधर रेस्तरां खोलने के लिए भी उन्होंने आरोपित को फर्नीचर, बिलिंग सॉफ्टवेयर आदि के लिए लाखों का भुगतान कर दिया। सितम्बर 2021 में सिक्किम से सिक्किम सोशल वेलफेयर यूथ एसोशिएसन की प्रेसिडेंट चुन्की डोमा भूटिया द्वारा दिव्या रावत की कम्पनी मैसर्स सौम्य फूड्स को ई-मेल से सम्पर्क किया गया कि उन्हें मशरूम उत्पादन फॉर्म व प्रयोगशाला अपने राज्य में लगानी है। इसके लिए उन्होंने आरोपित जितेंद्र नंदकिशोर भाखड़ा को सिक्किम भेज दिया। नंदकिशोर के कहने पर वे उसके द्वारा बताया गया सामान सिक्किम भेजते रहे। गत 18 अप्रैल 2022 को वह सिक्किम पहुंचा तो देखा कि जो काम जितना बताया गया उतना नहीं हुआ था। पता चला कि जितेन्द्र नन्द किशोर भाखड़ा सितम्बर 2021 में सिक्किम गया था। उसने नवम्बर 2021 को सिक्किम के क्लाइन्ट उगेन दॉर्जी भूटिया के साथ मैसर्स सेवेन लिटिल मोक्स ऑग्रेनिक्स प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी खोली। उसने उनकी जानकारी के बिना धोखे से उनके क्लाइन्ट के साथ पार्टनरशिप की। इस वजह से मशरूम प्लांट का काम नहीं हो पाया। काम के नाम पर वह उनसे समय-समय पर रकम लेता रहा। इसके बाद राजपाल ने आरोपित जितेन्द्र नन्द किशोर भाखड़ा, प्रीति वर्मा, नेहा भाखड़ा, हिमांशु चौधरी, मनीष रामराज यादव निवासी नागपुर, सुजय शाह निवासी पुणो व अन्य के खिलाफ शिकायत दी। राजपाल का आरोप है कि आरोपितें ने कई फर्जी कंपनियां खोल रखी हैं। जिनके जरिए आरोपित ने उसे और उसकी बहन दिव्या रावत से 77 लाख रुपए की धोखाधड़ी की है । पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *