G-KBRGW2NTQN धरती पुत्र के नाम से विख्यात मुलायम सिंह के निधन पर सीएम धामी सहित कई नेताओं ने जताया दुख – Devbhoomi Samvad

धरती पुत्र के नाम से विख्यात मुलायम सिंह के निधन पर सीएम धामी सहित कई नेताओं ने जताया दुख

देहरादून। धरती पुत्र व नेताजी के नाम से लोकप्रिय समाजवादी पार्टी के संस्थापक संरक्षक मुलायम सिंह यादव का निधन हो गया है। मुलायम सिंह यादव ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पता में आखिरी सांस ली। मुलायम के निधन पर तमाम राजनेताओं ने शोक संवेदना प्रकट की है। उत्तराखंड से मुलायम सिंह यादव का विशेष नाता रहा है। उत्तराखंड के राजनेताओं ने भी मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताया है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धामी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताया। धामी के साथ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी मुलायम के निधन पर शोक जताया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताया। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मुलायम सिंह यादव से अपनी मुलाकात और जान पहचान को याद करते हुए उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी के निधन का समाचार दुःखद है. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। गौरतलब है कि सीएम धामी मुलायम सिंह यादव को व्यक्तिगत रूप से भी जानते थे। सीएम धामी जब लखनऊ विश्वविद्यालय में उच्च शिक्षा ले रहे थे, तब उनकी मुलायम सिंह यादव से जान पहचान हुई थी।
मुलायम  उत्‍तराखंड से घर लाए थे दोनों बहुएं
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव  का सोमवार 10 अक्‍टूबर को निधन हो गया। वह 82 वर्ष के थे। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का उत्‍तराखंड से खास नाता रहा है। उनकी दोनों बहुएं उत्‍तराखंड से ही हैं। मुलायम सिंह की बड़ी बहू डिंपल मूलरूप से उत्तराखंड की रहने वाली हैं।डिंपल का जन्‍म अल्मोड़ा में हुआ है। छोटी बहू अपर्णा यादव उत्‍तरकाशी की रहने वाली हैं। उत्तरकाशी के बरसाली गांव निवासी अरविंद सिंह बिष्ट की बेटी अपर्णा से मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का विवाह हुआ है। हालांकि अरविंद सिंह बिष्ट लंबे समय से लखनऊ में रहते हैं। जबकि उनके चार अन्य भाई उत्तरकाशी में ही रहते हैं। मुलायम सिंह यादव के निधन पर उनके सगे-संबंधियों ने शोक व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *