पेयजल धारा तथा स्नान घर भी मलवे से दबे

गोपश्वर। घाट ब्लाक के विजारगांव में अतिवृष्टि के कारण मकान खतरे की जद में आ गए हैं तो मलवा आने से पैदल रास्ते और पेयजल योजना क्षतिग्रस्त हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार अतिवृष्टि के कारण विजारगांव के ढूना गदेरे से भारी मलवा तथा बोल्डर आए। इस कारण पेयजल लाइन तथा रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए। प्रधान मोनिका देवी ने बताया कि अतिवृष्टि के कारण खजान सिंह की मकान की दीवार खतरे की जद में आने से मकान को खतरा पैदा हो गया है। मलवा तथा बोल्डर आने से खीम सिंह, बीरेंद्र सिंह, कुंदन सिंह के आवासीय मकान भी खतरे की जद में आ गए हैं। विजार गदेरे के अनुसूचित जाति परिवारों को पेयजल धारा तथा स्नान घर भी मलवे से दब गए है। गदेरे के तेज बहाव से पैदल रास्ते भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। तहसीलदार को भेजे पत्र में उन्होने अतिवृष्टि के कारण हुए नुकसान का व्योरा दिया।
जिला मुख्यालय के समीप सैटुणा गांव भी अतिवृष्टि के कारण भूस्खलन की जद में आया गया है। लगातार जमीन धसने के कारण मकानों पर खतरा मंडराने लगा है। माधो सिंह, सूरज तथा बच्ची देवी की मकान खतरे की जद में आ गए हैं। इस कारण लोगों के सम्मुख मुश्किलें खड़ी हो गई हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *