वसंत महोत्सव में तीसरे दी ‘चक्रव्यूह’ का जीवंत मंचन, दर्शक हुए भावुक
सत्यप्रकाश ढौंडियाल
टिहरी
घनसाली। जनजागृति लोक संरक्षण समिति के बसंत कौथिग के तीन दिवसीय आयोजन के समापन अवसर पर डॉ. राकेश भट्ट के नेतृत्व में उत्सव ग्रुप द्वारा महाभारत पर आधारित नाटक “चक्रव्यूह” का भव्य मंचन किया गया।
इस प्रस्तुति ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया और पूरे वातावरण को भावनात्मक बना दिया। Qनाटक में अभिमन्यु के वीरता और बलिदान की कथा को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों के सशक्त अभिनय और सजीव संवादों ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। विशेष रूप से चक्रव्यूह के सात द्वारों का मंचीय चित्रण आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें कौरवों के महारथियों को बारीकी से दर्शाया गया।
मंचन के अंतिम दृश्य—अभिमन्यु वध—ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया और दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुति की जमकर सराहना की। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन न केवल हमारी लोक परंपराओं को जीवित रखते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य भी करते हैं।
मुख्य अतिथि पूर्व जिलापंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण ने कहा कि मेले हमको जोड़ने का काम करते है जिनको जीवंत रखना हमारा कर्तव्य है।समिति द्वारा अच्छा कार्य किया जा रहा है। जो विकास को गति देने के काम करते है।
इस अवसर पर अजमेर सिंह रावत ने विभिन्न जादु के कर्तव्य दिखाये।कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य धनपाल विष्ट ल,रजनीकांत सुरीरा,रघुवीर सजवाण,नरेंद्र डंगवाल,ओमप्रकाश भुजवान, इंदु डंगवाल, कृष्णा गैरोला, प्रशांत जोशी, शंकरपाल सजवाण,यशवंत गुसाईं,विजय कुमाई ,विशाल नैथानी, सलोनी गुसांईं प्रेम रंगीला, मुरारी गैरोला,आदि लोग मौजूद थे।संचालन मनोज रमोला ने किया है।