रूड़की। कोतवाली पिरान कलियर क्षेत्र के ग्राम हबीबपुर निवादा में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने पति सहित चार ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को वर्षों से दहेज और बेटियां होने के कारण प्रताड़ित किया जाता था तथा मारपीट कर जहर देकर उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार झबरेड़ा निवासी नीटूराम ने बताया कि उनकी पुत्री नीलू सैनी (32 वर्ष) का विवाह वर्ष 2015 में हबीबपुर निवादा निवासी बसंत कुमार पुत्र विनय कुमार के साथ हुआ था।
विवाह के बाद से ही पति बसंत कुमार, ससुर विनय कुमार, सास सुषमा और देवर अंकित कुमार दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी के साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न करते थे। चार बेटियों के जन्म के बाद प्रताड़ना और बढ़ गई।
पीड़ित पिता ने तहरीर में बताया कि दोनों पक्षों के बीच वर्ष 2016 और वर्ष 2025 में सामाजिक समझौते भी कराए गए, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला। आरोप है कि 18 जुलाई की सुबह एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर उनकी बेटी की तबीयत खराब होने की सूचना दी।
जब वह परिवार के साथ मौके पर पहुंचे तो नीलू सैनी मृत अवस्था में पड़ी थी।शव पर चोटों के कई निशान थे और शरीर नीला पड़ा हुआ था, जिससे उन्हें मारपीट और जहर देकर हत्या किए जाने का संदेह हुआ।
मामले में पिता की तहरीर के आधार पर कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने पति, ससुर, सास और देवर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।