कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में औचक निरीक्षण, अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई
प्रतापनगर। प्रतापनगर की ब्लॉक प्रमुख श्रीमती मनीषा पंवार जी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छात्राओं को दिए जाने वाले भोजन की मात्रा एवं गुणवत्ता को लेकर कई अनियमितताएं सामने आईं।
छात्राओं को निर्धारित मात्रा के अनुसार भोजन नहीं मिलने के साथ ही पिछले लगभग दो महीनों से पनीर, अंडा, काजू-किशमिश जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थ उपलब्ध नहीं कराए जाने की बात सामने आई। वहीं लौकी, आलू-बड़ी और लौकी जैसी सब्जियां लगातार परोसे जाने की शिकायत भी मिली।
प्रमुख जी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके से ही एसडीएम को फोन कर पूरी स्थिति से अवगत कराया। एसडीएम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तहसीलदार कंडाल जी को विद्यालय भेजकर निरीक्षण करवाया। तहसीलदार द्वारा मौके पर निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं पाई गईं और उनकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार की गई।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में नवनियुक्त वार्डन को भी चार्ज सौंपा गया। उन्हें स्पष्ट एवं सख्त हिदायत दी गई कि आगे से विद्यालय में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर उसकी जिम्मेदारी संबंधित वार्डन की होगी।
इसके साथ ही प्रमुख जी ने एसडीएम से पिछले तीन महीनों के भोजन संबंधी बिलों एवं अभिलेखों की जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रमुख मनीषा पंवार जी ने स्पष्ट कहा कि बालिकाओं के भोजन, स्वास्थ्य और भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। छात्राओं को शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना विद्यालय प्रबंधन की जिम्मेदारी है।