कांग्रेस नेता राम प्रसाद ध्यानी के निधन पर धीरेंद्र प्रताप ने जताया शोक
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने उत्तराखंड कांग्रेस विचार विभाग के उपाध्यक्ष राम प्रसाद ध्यानी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ध्यानी के निधन को कांग्रेस और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
धीरेंद्र प्रताप ने राम प्रसाद ध्यानी को कांग्रेस पार्टी का प्रतिबद्ध और निष्ठावान कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि उन्होंने लंबे समय तक कांग्रेस के लिए समर्पित भाव से कार्य किया। पौड़ी गढ़वाल और कुमाऊं के कुछ जनपदों को मिलाकर महान भारतीय सैनिक जसवंत सिंह की स्मृति में पृथक जसवंतगढ़ जिला बनाए जाने की मांग को लेकर उन्होंने लंबे समय तक आंदोलन चलाया और इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि राम प्रसाद ध्यानी अपने जीवन के अंतिम समय तक कांग्रेस को उत्तराखंड की सत्ता में वापस लाने के लिए सक्रिय रहे और संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार संघर्ष करते रहे। उनके निधन से पार्टी ने एक समर्पित कार्यकर्ता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े सक्रिय व्यक्ति को खो दिया है।
धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि राम प्रसाद ध्यानी पत्रकारिता से भी जुड़े रहे। गढ़वाल की फिल्म अभिनेत्री संयोगिता ध्यानी के पति राम प्रसाद साहित्य लेखन, सामाजिक सरोकारों और जनहितैषी पत्रकारिता के प्रबल पक्षधर थे। उन्होंने अपनी लेखनी और सामाजिक सक्रियता के माध्यम से जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने का कार्य किया।
उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि राम प्रसाद ध्यानी के सामाजिक और राजनीतिक योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
राम प्रसाद ध्यानी का निधन बुधवार रात करीब तीन बजे हुआ। गुरुवार को दिल्ली के निगम बोध घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके निधन पर गहरा दुख जताया।