राजकीय प्राथमिक विद्यालय, लोदस में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गढ़भोज दिवस
– सत्यप्रकाश ढौंडियाल
देवप्रयाग। राजकीय प्राथमिक विद्यालय, लोदस में आज 7 अक्टूबर 2026 को गढ़भोज दिवस का भव्य आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की भोजनमाताओं श्रीमती झुमका देवी और श्रीमती कमोली देवी द्वारा प्रेमभाव से तैयार किए गए पारंपरिक गढ़वाली व्यंजनों का बच्चों ने भरपूर आनंद लिया। भोजन में कोदे की रोटी, खिरबोज की सब्जी, करेले की सब्जी, ककड़ी का सलाद और पहाड़ी रायता परोसा गया, जिसे बच्चों ने बड़े चाव से ग्रहण किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक विश्वेश चंद्र जोशी और सहायक अध्यापक विमल भारती उपस्थित रहे। प्रधानाध्यापक जोशी ने बच्चों को उत्तराखंड के पारंपरिक भोजन के पौष्टिक महत्व और हमारी सांस्कृतिक विरासत के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार हमारे पारंपरिक मोटे अनाज स्वास्थ्य के लिए लाभदायक हैं।
गढ़भोज के उपरांत बच्चों ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति से जुड़े पारंपरिक गीतों और लोक नृत्य का भी आनंद लिया। पूरा विद्यालय परिसर पहाड़ी संस्कृति के रंगों में रंगा नजर आया।
आज का दिन विद्यालय के लिए एक यादगार दिन रहा।