नवोदय प्रवेश परीक्षा से पूर्व आयोजित विशेष अभ्यास परीक्षा में 97 विद्यार्थियों ने किया प्रतिभाग
सत्यप्रकाश डौंडियाल
घनसाली। ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए बेहतर अवसर एवं परीक्षा की वास्तविक तैयारी का अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से ज्योमति संस्कृति एवं सामाजिक संस्था द्वारा मंगलवार, 24 नवम्बर 2026 को सरस्वती विद्या मंदिर राजकीय इंटर कॉलेज, घनसाली में जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा–2026 से पूर्व विशेष अभ्यास परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। इस परीक्षा में विकासखंड भिलंगना की विभिन्न न्याय पंचायतों से आए कुल 97 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कुलदीप सकलानी, शाखा प्रबंधक, जिला सहकारी बैंक शाखा चमियाला की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।
कार्यक्रम में अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में श अवनींद्र सिंह, प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज मगरों तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में संजय सिंह गुसाईं ( जिला संगठन मंत्री, राजकीय शिक्षक संघ जनपद टिहरी गढ़वाल), अजीत सिंह बिष्ट(प्रधानाचार्य सरस्वती विद्या मंदिर राजकीय इंटर कॉलेज घनसाली),
शौकीन आर्य(अध्यक्ष अंबेडकर जन विकास समिति घनसाली )एवं बॉबी सैरियाल(सचिव अंबेडकर जन विकास समिति घनसाली) उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संस्था के संरक्षक विजय राम जोशी तथा प्राथमिक शिक्षक संघ भिलंगना के मंत्री मेघ सिंह चौहान की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।
उल्लेखनीय है कि ज्योमति संस्कृति एवं सामाजिक संस्था विगत एक माह से विद्यार्थियों को जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के साथ-साथ ऑनलाइन मॉक टेस्ट आयोजित कर रही थी।
इसी क्रम में मुख्य परीक्षा से पूर्व विद्यार्थियों का समुचित मूल्यांकन करने, उनका आत्मविश्वास बढ़ाने तथा उन्हें वास्तविक परीक्षा जैसा वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस विशेष अभ्यास परीक्षा का आयोजन किया गया।
परीक्षा को निष्पक्ष, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने में त्रिलोचन सिंह बंगारी, सुधीर कोहली(प्रभारी प्रधानाध्यापक जखोना,) कैलाश नौटियाल, रुकम सिंह कैन्तुरा, श्रीमती आशा रमोला, विनोद श्रीयाल, महावीर श्रेयाल, शुभम डोभाल, राजेंद्र सिंह रावत, सहायक अध्यापक का विशेष सहयोग रहा। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ नागरिक विश्वेश्वर प्रसाद जोशी एवं विकासखंड भिलंगना की विभिन्न न्याय पंचायतों से पहुंचे अभिभावकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।
प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए आकर्षक पुरस्कार
संस्था द्वारा विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन एवं उनकी प्रतिभा को सम्मानित करने के लिए आकर्षक पुरस्कारों की व्यवस्था की गई थी। परीक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्कूल बैग, आकर्षक ट्रॉफी, मेडल, प्रमाणपत्र, कॉपी एवं पेन प्रदान किए गए।
वहीं मेधा सूची में चौथे से पंद्रहवें स्थान तक स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्कूल बैग, मेडल, प्रमाणपत्र, कॉपी एवं पेन देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त परीक्षा में सम्मिलित सभी विद्यार्थियों को विशेष सांत्वना पुरस्कार के रूप में प्रमाणपत्र, कॉपी एवं पेन प्रदान किए गए।
ऐसे आयोजनों से आएगी शैक्षिक क्रांति : कुलदीप सकलानी
मुख्य अतिथि कुलदीप सकलानी ने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को नवोदय विद्यालय जैसी प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षा के लिए इस प्रकार का अवसर उपलब्ध कराना एक अनूठी एवं अद्भुत पहल है।
निश्चित रूप से ऐसे आयोजन क्षेत्र में शैक्षिक क्रांति लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को समय-समय पर इस प्रकार के अभ्यास एवं मूल्यांकन के अवसर मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे मुख्य परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। उन्होंने संस्था के पदाधिकारियों एवं सहयोगियों को इस रचनात्मक प्रयास के लिए बधाई दी।
शैक्षिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में नई पहल करेगी संस्था : अंकित सिंह जखेड़ी
संस्था के सचिव श्री अंकित सिंह जखेड़ी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ज्योमति संस्कृति एवं सामाजिक संस्था भविष्य में शिक्षा एवं संस्कृति के क्षेत्र में विभिन्न नवाचारपरक कार्यक्रम संचालित करने के लिए प्रतिबद्ध है। संस्था का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना, शैक्षिक जागरूकता बढ़ाना तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक चेतना का विस्तार करना है।
उन्होंने क्षेत्र के सभी जागरूक नागरिकों एवं शिक्षा प्रेमियों से अपील की कि इस मुहिम को सफल एवं व्यापक बनाने के लिए संस्था की शैक्षिक सदस्यता अवश्य ग्रहण करें तथा शिक्षा और समाज के उत्थान के इस सामूहिक प्रयास में सहभागी बनें।
मंच संचालन एवं आयोजन में विशेष सहयोग
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए ज्योमति संस्कृति एवं सामाजिक संस्था द्वारा महावीर धनियाल, प्राथमिक शिक्षक संघ भिलंगना को सहयोगी के रूप में अधिकृत किया गया था।
धनियाल ने मंच का प्रभावशाली संचालन करते हुए संस्था की इस रचनात्मक एवं दूरदर्शी पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल के बच्चों को प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं के लिए तैयार करना और उन्हें उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। ऐसे प्रयासों से निश्चित रूप से क्षेत्र में शिक्षा के प्रति नई जागरूकता एवं सकारात्मक वातावरण तैयार होगा।
कार्यक्रम के समापन पर संस्था की ओर से सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया गया।
संस्था की इस पहल को क्षेत्र में ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने, शैक्षिक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने तथा शिक्षा के क्षेत्र में सामूहिक सहभागिता का एक सराहनीय प्रयास माना जा रहा है।
ध्येय वाक्य : संस्कृति का प्रसार, चेतना का विस्तार।
विशेष कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलदीप सकलानी ने मेघावी मदद करेंगे इस दौरान उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे को शैक्षिक मदद की जरूरत है तो मुझसे मिल सकता है उसकी हर संभव मदद की जाएगी ।
शिक्षा जीवन की ऊंचाइयों तक पूछने का मूल साधन है।