अगस्त्यमुनि बैडमिंटन हॉल के जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण की दिशा में सराहनीय पहल
खिलाड़ियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
अगस्त्यमुनि। खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में अगस्त्यमुनि स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम के बैडमिंटन हॉल के जीर्णोद्धार, सुधार एवं आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।
इस कार्य को धरातल पर उतारने में श्रीमती ऐश्वर्या रावत, उपाध्यक्ष उत्तराखंड राज्य महिला आयोग एवं दर्जा राज्य मंत्री के विशेष प्रयास सराहनीय रहे हैं।
उनके द्वारा बैडमिंटन हॉल सहित इंडोर स्टेडियम की आवश्यक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत का विषय प्रमुखता से उठाते हुए जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग के समक्ष खिलाड़ियों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को रखा गया।
इस पहल को आगे बढ़ाते हुए जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा के स्तर से कार्य के क्रियान्वयन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की गई, जिससे बैडमिंटन हॉल को बेहतर एवं आधुनिक स्वरूप प्रदान करने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
क्षेत्र के खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों एवं स्थानीय नागरिकों ने इस सकारात्मक पहल के लिए श्रीमती ऐश्वर्या रावत का आभार व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के प्रयासों की सराहना की है।
आशा व्यक्त की गई कि भविष्य में भी अगस्त्यमुनि सहित पूरे जनपद में खेल अवस्थापना सुविधाओं का इसी प्रकार विकास होता रहेगा।