G-KBRGW2NTQN मार्च में शुरू होगी पुलिस भर्ती : अशोक कुमार – Devbhoomi Samvad

मार्च में शुरू होगी पुलिस भर्ती : अशोक कुमार

पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कहा कि अब ड्रग्स तथा साइबर क्राइम से निपटना बड़ी चुनौती है। इसके लिए जन जागरूकता पर जोर रहेगा। कहा कि मार्च में पुलिस भर्ती अभियान शुरू होगा। गोपेर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डीजीपी ने कहा कि युवा पीढ़ी को ड्रग्स से बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। कहा कि ड्रग्स से युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है। इसलिए इसके खिलाफ आम लोगों को भी आगे आना होगा। कहा कि ड्रग्स मजा नहीं अपितु सजा है। बच्चों की भिक्षावृति पर चिंता जताते हुए उन्होने कहा कि इसके लिए भिक्षा नहीं शिक्षा दो की पहल की जा रही है। राज्य में ऐसे 2200 बच्चों को चिन्हित कर शिक्षा की ओर बढ़ाया जा रहा है। राजस्व क्षेत्रों में जघन्य अपराधों से संबंधित सवाल के जवाब में डीजीपी ने कहा कि ऐसे मामले तत्काल रेगुलर पुलिस को हस्तांतरित होने चाहिए ताकि अपराधों के साक्ष्य न मिट सकें। उन्होने कहा कि साइबर क्राइम को लेकर भी जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। चारधाम यात्रा को अब चुनौती बताते हुए उन्होने कहा कि राज्य बनने से पहले चार लाख तीर्थयात्री ही यहां आते थे। 2012 तक चारधाम यात्रा पर 28 लाख यात्री आ रहे थे तो पिछले साल यह आंकडा 38 लाख पार कर गया है। इसलिए यात्रा व्यवस्था को बेहतर बनाना एक बड़ी चुनौती है। पहाड़ों में आए दिन जाम लगने से संबंधित सवाल पर उन्होने कहा कि अब पहाड़ों में पार्किग व्यवस्था पर जोर देना होगा। वाहनों की बढ़ती तादात के चलते इस तरह के कदम उठाने होंगे। उन्होने कहा कि घाट में थाना बनाने की पहल होगी। देवाल तथा नारायणबगड़ की पुलिस चौकियों का उच्चीकरण भी होगा। कहा कि लोहजंग में पुलिस चौकी को हरी झंडी दे दी गई है। उन्होने कहा कि मार्च में पुलिस भर्ती अभियान शुरू होगा। इसमें 150 उप निरीक्षकों तथा 1500 से 2000 जवानों की भर्ती होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *