G-KBRGW2NTQN बाल संप्रेक्षण गृह से फरार हुए सात किशोर,दो मिले – Devbhoomi Samvad

बाल संप्रेक्षण गृह से फरार हुए सात किशोर,दो मिले

देहरादून। हल्द्वानी में बाल संप्रेक्षण गृह से सात विधि विवादित किशोर तीन मंजिला भवन की खिड़की के एंगल और जाली काटकर फरार हो गए। किशोरों ने तीन मंजिल से उतरने के लिए खोल और चादरों की रस्सी बनाई।
सातों किशोरों में से छह चोरी और एक एनडीपीएस एक्ट में राजकीय संप्रेक्षण गृह में थे। छह किशोर हल्द्वानी के आसपास क्षेत्र और एक अपराधी लालकुआं का बताया जा रहा है। काफी खोज बीन के बाद दो किशोर मिल गए हैं।
जानकारी के अनुसार, सुबह छह बजे चैकीदार जैसे ही बाल अपराधियों को उठाने के लिए तीन मंजिले भवन के कमरे में पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो चैकीदार ने दरवाजे का कुंडा तोड़ अंदर देखा तो खिड़की का एंगल कटा हुआ देखकर वह हैरान रह गया। उसने इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी।
मौके पर पहुंचे सीओ सिटी डा. जगदीश चंद्रा और सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी ने घटना की जानकारी ली। सीओ जगदीश चंद्रा ने बताया कि सात किशोर चादर और गद्दों की खोल की रस्सी बनाकर तीन मंजिला भवन से नीचे उतरे। इसके बाद वे एक पुरानी सीढ़ी लगाकर दीवार फांदकर फरार हो गए। उन्होंने कहा कि घटना सुबह तीन से चार बजे की है। सुबह जानकारी मिलने के बाद खोज बीन शुरू की गई तो दो किशोर मिल गए। बाकी किशोरों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *