G-KBRGW2NTQN गरीबों, वंचित तबकों के पक्के साथी थे गुरुरानी  – Devbhoomi Samvad

गरीबों, वंचित तबकों के पक्के साथी थे गुरुरानी 

अल्मोड़ा। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने जाने माने ट्रेड यूनियन नेता, सक्रिय सामाजिक, राजनीतिक वयोवृद्ध कॉमरेड जगनमोहन गुरुरानी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उपपा के केंद्रीय अध्यक्ष पी. सी. तिवारी ने कहा कि स्व. गुरुरानी जी ने दशकों तक अल्मोड़ा नगर पालिका सफाई एवं कर्मचारी संघ का दमदार तरीके से नेतृत्व किया। वे अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कॉमरेड पी. सी. जोशी के सहयोगी रहे। अल्मोड़ा व उत्तराखंड में चलने वाले जन आंदोलनों को दिशा देने में उनकी अच्छी भूमिका रहती थी।
तिवारी ने कहा कि 1980 के आसपास प्राकृतिक संसाधनों को बचाने को लेकर चले जन आंदोलनों में गुरुरानी जी को हम लोगों के साथ भी तात्कालिक सरकार के दमन का शिकार होना पड़ा। तात्कालिक उत्तरप्रदेश सरकार द्वारा छात्र आंदोलन के दमन की कोशिश का विरोध करते हुए हमारे साथ जगनमोहन गुरुरानी जी शिक्षक नेता/ पत्रकार जगदम्बा प्रसाद जोशी, नवीन बंजारा, गिरधर पंडित जैसे सम्मानित लोगों को जेल में रहना पड़ा था। बाद में सरकार को इस मामले को वापस लेना पड़ा।
उपपा अध्यक्ष ने कहा कि कुमाऊं विश्वविद्यालय के अल्मोड़ा कैंपस में छात्र संघ का उद्घाटन एक सफाई कर्मचारी नन्हे लाल वाल्मीकि जी से कराने में नगर पालिका कर्मचारी संघ के नेता के रूप में उनका बहुत सहयोग मिला था। उपपा अध्यक्ष ने कहा कि उनके निधन से गरीबों व वंचितों के लिए लड़ने वाले प्रतिबद्ध साथी हमसे बिछड़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *