G-KBRGW2NTQN बद्रीनाथ हाईवे पर रतूड़ा पुलिस लाइन के निकट कार दुर्घटना – Devbhoomi Samvad

बद्रीनाथ हाईवे पर रतूड़ा पुलिस लाइन के निकट कार दुर्घटना

कर्णप्रयाग से देहरादून की ओर जा रही थी कार
रुद्रप्रयाग। ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर रुद्रप्रयाग पुलिस लाइन के निकट एक कार अलकनंदा नदी में समा गई। हादसे में एक बच्ची सहित उसकी मां की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गये व एक व्यक्ति अभी भी अलकनंदा नदी में लापता चल रहा है। कार कर्णप्रयाग से देहरादून की ओर जा रही थी। घायलों का उपचार जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में चल रहा है। बताया जा रहा है दुर्घटनाग्रस्त कार में सवार सभी एक ही परिवार के लोग थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे के आस-पास कर्णप्रयाग से देहरादून जा रही एक कार पुलिस लाइन रतूड़ा के निकट दुर्घटनाग्रस्त होकर अलकनंदा नदी में समा गई। कार में दो महिलाएं, एक पुरूष और तीन बच्चे सवार थे। दुर्घटना के समय कार हाईवे किनारे दो पैराफिटों के बीच से होकर नदी में जा गिरी। दुर्घटना के कारणों का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। कार में सवार सभी लोग एक ही परिवार के बताये जा रहे हैं।
कार में सवार श्रीमती राधा देवी पत्नी नारायण सिंह उम्र 36, नेहा पुत्री नारायण सिंह उम्र 13 व हषिर्त पुत्र खड़क सिंह उम्र 5 वर्ष घायल हो गये। सभी घायलों को उपचार के लिये जिला चिकित्सालय लाया गया। घटना में वंदना पुत्री खड़क सिंह उम्र 11 वर्ष की चिकित्सालय लाते समय मौत हो गई। जबक वंदना की मां ममता देवी पत्नी खड़क सिंह उम्र 34 वर्ष का शव अलकनंदा नदी से दोपहर के समय सर्च ऑपरेशन के दौरान प्राप्त किया गया। कार को चला रहे दयाल सिंह बिष्ट पुत्र उमराव सिंह उम्र 48 वर्ष अभी भी अलकनंदा नदी में लापता चल रहे हैं। जिनकी खोजबीन जारी है। कार में सवार सभी लोग ग्राम सुइया तहसील थराली जनपद चमोली के निवासी हैं और सभी एक ही परिवार के बताये जा रहे हैं। डीडीआरएफ टीम के प्रभारी भगवान सिंह रौथाण ने बताया दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद डीडीआरएफ, पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सहित अन्य राहत बचाव की टीमे मौके पर पहुंच गई थी। एक बच्ची की चिकित्सालय ले जाते समय मौत हो गई थी। जबकि तीन घायलों का उपचार चिकित्सालय में चल रहा है। नदी से एक शव बरामद किया जा चुका है। एक शव की खोजबीन जारी है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *