G-KBRGW2NTQN पति-पत्नी की आत्महत्या से सतूड़ गांव में कोहराम – Devbhoomi Samvad

पति-पत्नी की आत्महत्या से सतूड़ गांव में कोहराम

स्तब्धकारी घटना से समूचा इलाका आहत
चमोली।  पोखरी ब्लाक के सतूड़ गांव में पति-पत्नी की आत्महत्या से कोहराम मच गया। इस घटना से गांव में मातम पसर गया है। इस घटना से लोग स्तब्ध होकर रह गए हैं।  आली ग्राम पंचायत के सतूड़ गांव के  विनोद सिंह (25) ने जोशीमठ के मारवाड़ी पुल से अलकनंदा में छलांग लगा दी जबकि विनोद की पत्नी प्रीति देवी (22) ने सतूड़ गांव के घर में कमरे के अंदर रस्सी से फांस लगा कर जीवनलीला समाप्त कर दी। इस घटना से कोहराम मच गया है। जानकारी के अनुसार सतूड़ गांव निवासी विनोद सिंह की शादी प्रीति देवी से 6 माह पूर्व हुई थी।
प्रीति का मायका रू द्रप्रयाग जनपद का रव्वा (चंद्रनगर) बताया जा रहा है। प्रीति देवी सतूड़ गांव में ही रह कर घर गृहस्थी चला रही थी। भांजी अनुजा भी पत्नी संग घर में ही रह रही थी। अनुजा राजकीय इंटर कालेज आली में कक्षा 9 में पढ़ रही है। कालेज से अनुजा एक बजे घर आई तो मामी प्रीति देवी फंदे पर झूलती पाई गई। इसके बाद वह रोती बिलखती गांव आई और ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो प्रीति देवी मृत अवस्था में पाई गई। इसकी सूचना विनोद सिंह को भी दी गई तो उसने पत्नी की आत्महत्या की खबर सुनते ही जोशीमठ के मारवाड़ी पुल से अलकनंदा में छलांग लगाकर जीवनलीला समाप्त कर दी।
विनोद नेगी जेपी कंपनी में कार्यरत था। अलकनंदा के तेज बहाव के चलते विनोद का कहीं कोई पता नहीं लग पाया रहा है। एसडीआरएफ की टीम लापता विनोद को ढूंढने में जुट गई है। थानाध्यक्ष खोलिया के अनुसार विनोद अपनी स्कूटी से मारवाडी ब्रिज पर पहुंचा। मारवाड़ी पुल पर उसने स्कूटी खडी की और अलकनंदा में छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि विनोद के माता-पिता की पहल ही मृत्यु हो गई है जबकि बहिनों की शादी भी हो रखी है। राजस्व उप निरीक्षक विजय कुमार घटना की सूचना मिलते ही मौके पर चले गए हैं। प्रीति के मायके वालों को भी सूचना दे दी गई है। राजस्व उप निरीक्षक ने बताया कि मायके वालों के आने के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। पति-पत्नी की आत्महत्या से सतूड़ गांव में कोहराम मच गया है। इस घटना से लोग स्तब्ध होकर रह गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *