G-KBRGW2NTQN निष्ठा के साथ सौंपी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन करें : धामी – Devbhoomi Samvad

निष्ठा के साथ सौंपी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन करें : धामी

मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
’पब्लिक आई एप’ और ’मिशन गौरा शक्ति एप’ लांच किया
देहरादून। मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने  कहा कि प्रदेश में पुलिस व्यवस्था सुरक्षा एवं समृद्धि का एक आवश्यक अंग है और प्रत्येक पुलिस अधिकारी पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ सौंपी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन करे। मुख्यमंत्री ने पुलिस मुख्यालय में पुलिस विभाग द्वारा तैयार की गई ‘‘पब्लिक आई एप’’ तथा महिला सुरक्षा के लिए ‘‘ मिशन गौरा शक्ति’’ एप का आरंभ भी किया। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को पुलिस मुख्यालय के सभागार में उत्तराखण्ड पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य पुलिस के कायरे की समीक्षा की। पुलिस विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में साइबर क्राइम से संबंधित अपराधों में तेजी आ रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि साइबर क्राइम को रोकने के लिए लिए ठोस रणनीति तैयार करें। साथ ही  यातायात के नियमों, रोड सेफ्टी के प्रति लगातार जागरूकता अभियान चलाया जाय। ट्रैफिक लाइट एवं सीसीटीवी निगरानी की समुचित व्यवस्था की जाय। कार्यों के प्रति प्रत्येक स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाय। मुख्यमंत्री ने कहा कि सख्ताई के साथ तय किया जाए कि थाना या चौकी स्तर के मामले जिले स्तर पर न आए। जिला स्तर के मामले मुख्यालय स्तर एवं शासन स्तर पर न आये। जिस अधिकारी को जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह अपने स्तर पर शीघ्र ही समस्या का  समाधान करें। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, नशा मुक्ति एवं साइबर क्राइम जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए विशेष योजनाएं बनाई जाय और विभाग में कर्मचारियों के साथ-साथ अधिकरियों की भी जबावदेही तय की जाए।
खेल कोटे में भर्ती जल्द :  मुख्यमंत्री  ने कहा कि पुलिस में खेल कोटे की भर्ती जल्द ही आरंभ की जायेगी। पीएसी के जवानों को बसों की व्यवस्था की जायेगी।  उत्तराखण्ड में शीघ्र एंटी ड्रग पलिसी बनायी जायेगी। पुलिस विभाग में रिक्त पदों पर जल्द भर्ती की जायेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग के आरक्षियों के ग्रेड पे के संबंध में  कैबिनेट सब कमेटी का गठन किया गया है। इसमें जल्द उचित समाधान निकाला जायेगा।
पुरस्कार राशि बढ़ायी जाएगी :  मुख्यमंत्री ने कहा कि  उत्तराखण्ड धर्म स्वतंत्रता अधिनियम 2018 को और सख्त बनाया जायेगा। बाहरी राज्यों से उत्तराखण्ड में आने वाले लोगों के सत्यापन की प्रक्रिया को और मजबूत किया जाएगा। इनामी अपराधियों को पकड़ने के लिए पुरस्कार राशि बढ़ायी जाएगी। कोरोना काल में पुलिस द्वारा मिशन हौंसला के तहत सराहनीय कार्य किया गया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट पुलिस बनाने का जो विजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का है। उसको पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
मिशन गौरा शक्ति अभियान चलाया जायेगा :  मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड पुलिस के द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के प्रति सजग एवं प्रभावी पहल के लिए उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा मिशन गौरा शक्ति अभियान चलाया जायेगा। इसके तहत छेड़खानी जैसी घटनाओं में प्रभावी कार्यवाही, बालिकाओं को आत्मरक्षा के लिए प्रशिक्षण एवं शिकायत निवारण तंत्र को और अधिक मजबूत बनाया जायेगा। इसके तहत पीड़िता इमरजेंसी की स्थिति में डायल कर तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त कर सकती है। ऑनलाईन आडियो, वीडियो एवं टेक्स्ट मैसेज के माध्यम से शिकायत दर्ज कर सकती हैं। आपात स्थिति में 112 पर फोन कर सकते हैं।
पब्लिक आई एप : मुख्यमंत्री ने पुलिस मुख्यालय में ‘पब्लिक आई एप’’ का उद्घाटन करते हुए कहा कि  प्रदेश की जनता अपनी शिकायतों के साथ-साथ आसपास घटित हो रहे आपराधिक या विधि का उल्लंघन करने वाले कृत्यों की फोटो या वीडियो बनाकर इस एप के जरिए पुलिस को भेज सकते हैं। शिकायतकर्ता अपने द्वारा पूर्व में की गई शिकायत व उस पर हुई कार्यवाही की प्रगति के बारे में जान सकते हैं। साइबर क्राइम के बारे में शिकायत दर्ज की जा सकती है। किसी भी प्रकार की ट्रेफिक समस्या या सड़क दुर्घटना के संबंध में फोटो या वीडियो बनाकर कार्यवाही के लिए अपलोड किया जा सकता है। आपात स्थिति में 112 नंबर पर कॉल कर सकते हैं।  इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, पुलिस महानिदेाक अशोक कुमार, सचिव अमित नेगी, अरविन्द सिंह ह्ययांकी अपर पुलिस महानिदेाक- पीएसी पीवी के प्रसाद, अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन  अभिनव कुमार, पुलिस महानिरीक्षक पीएम  अमित सिन्हा, पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था वी मुरुगेन, पुलिस महानिरीक्षक अभिसूचना एवं सुरक्षा संजय गुंज्याल, पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक एपी अंशुमान के साथ ही अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *