प्रदेश में कोरोना 624 नए मामले, दो की मौत
देहरादून। कोरोना की तीसरी लहर अब कुछ हद तक मंद पड़ने लगी है। संक्रमण का ग्राफ भी कम हो रहा है और संक्रमित मरीजों की मौत के मामले भी घटने लगे हैं। सोमवार को प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 624 नए मामले मिले और दो संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। एम्स ऋषिकेश व हल्द्वानी मेडिकल कालेज में एक-एक मरीज ने दम तोड़ा। राहत यह भी कि आज कोरोना के 4062 पुराने मरीज भी ठीक हुए हैं। वायरस का संक्रमण दर 3.06 फीसद रहा। इस साल प्रदेश में अब तक कोरोना के कुल 85076 संक्रमित मामले मिल चुके हैं। इनमें से 69979 (82.25 फीसद) लोग कोरोना को मात देकर स्वस्थ्य हो चुके हैं। कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या 12239 है। देहरादून में सबसे अधिक 6152 एक्टिव केस हैं। वहीं पौड़ी में 1934, हरिद्वार में 607, रुद्रप्रयाग में 591 व चमोली में 520 सक्रिय मामले हैं।
कोरोना संक्रमण से इस साल अब तक 202 मरीजों की मौत भी हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आज अलग-अलग लैबों से 20 हजार 413 सैंपलों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इनमें 624 मामलों में जांच रिपोर्ट पॉजीटिव और 19789 की निगेटिव आई है। सभी तेरह जिलों में कोरोना संक्रमण के मामले मिले हैं। देहरादून में सबसे अधिक 193 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा ऊधमसिंहनगर में 92, अल्मोड़ा में 78, हरिद्वार में 63, पौड़ी में 55, नैनीताल में 49, रुद्रप्रयाग में 37, उत्तरकाशी में 19, पिथौरागढ़ में 10, बागेर, चमोली व टिहरी में आठ-आठ और चंपावत में चार लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इधर, विभिन्न जिलों से आज 24 हजार 203 सैंपल कोरोना जांच को लैब भेजे गए हैं।