G-KBRGW2NTQN भष्ट्राचार व कांग्रेस एक सिक्के के दो पहलू : नड्डा – Devbhoomi Samvad

भष्ट्राचार व कांग्रेस एक सिक्के के दो पहलू : नड्डा

अगस्त्यमुनि। भाजपा प्रत्याशी शैलारानी रावत के पक्ष में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अगस्त्यमुनि पहुंचे। उन्होंने अपने सम्बोधन का प्रारम्भ देवभूमि को नमन करते हुए किया और कहा कि यह देवभूमि है और वीर भूमि भी, देवता यहां बसते हैं और हर घर से यहां वीर सपूत जन्म लेते हैं। कहा कि चुनाव का समय है, हर कोई अपनी बात कहने आता है और चुनावी वादों की बौछार कर चला जाता है, लेकिन भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो अपना रिपोर्ट कार्ड सामने रखकर चुनाव में उतरती है। कहा कि भाजपा ने गांव, गरीब, पिछड़ा, दलित, समाज के अन्तिम पायदान में खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा में लाने का कार्य किया है।
कहा कि घर-घर शौचालय बनाना, उज्जवला योजना से हर घर को धुएं से निजात दिलाना भाजपा की देन है। आयुष्मान योजना से सब के स्वास्थ्य का ध्यान रखा गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना ने जन-जन को लाभ पहुंचाया है। मोदी सरकार ने धारा 370 को हटाया है। आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन रहा है। केदारनाथ पुर्ननिर्माण को भाजपा की उपलब्धि बताते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नडडा ने कहा कि मोदी सरकार ने केदारनाथ के विकास के लिए चार सौ अस्सी करोड़ से अधिक की धनराशि खर्च की है। चार धाम को जोड़ने के लिए 12 हजार करोड़ रुपये से बन रही सड़क, पर्वतमाला प्राजेक्ट के तहत भी उत्तराखण्ड में बनने वाले रोप-वे यहां पर्यटन विकास और सेना के लिए सुविधाओं की नई इबारत लिखने को तैयार हैं।
वीर प्रसूता भूमि के सम्मान के लिए मोदी सरकार उत्तराखण्ड में सैन्य धाम बना रही है। फौजी भाइयों के लिए वन रैंक वन पेंशन के तहत वीरभूमि उत्तराखण्ड के एक लाख सोलह हजार फौजियों को हमने लाभ पहुंचाया है। देवभूमि को आपदाओं से बचाने के लिए तीन डोप्लर राडर लगाये गये हैं। उन्होंने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि अब कांग्रेस न भारतीय रही और न राष्ट्रीय। यह केवल भाई-बहन की पार्टी रह गई। कांग्रेस ने हमेशा लोगों को छला है। समाज को बांटने का कार्य किया है। करप्शन और कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। हम जाति-पाति की बात नहीं करते। सबका साथ, सबका विकास, सबका वि वास और सबके प्रयास से भाजपा चली है। केदारनाथ पीएम मोदी का प्रिय क्षेत्र है, मोदी इस इलाके से प्यार करते हैं, मोदी जी ने कहा है कि अगला दशक उत्तराखण्ड का होगा, तो निश्चित ही आगे भी डबल इंजन की सरकार क्षेत्र का चहुंमुखी विकास करेगी। उन्होंने जनता से अपील की कि यहां से भाजपा प्रत्याशी को जिता कर प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनाने में अपना सहयोग दें।
जनसभा को सम्बोधित करते हुए राज्य सभा सांसद अनिल बलूनी ने कांग्रेस पर जमकर प्रहार किया। कहा कि जनता को तय करना है उन्हें उत्तराखण्ड का विकास करने वाली सरकार चाहिए या विनाश करने वाली। केदारनाथ का विकास करने वाली पार्टी चाहिए या हरिद्वार में धर्म विशेष का धार्मिक स्थल बनाने की सरकार चाहिए। इगास की छुट्टी वाली सरकार चाहिए या जुम्मे की छुट्टी वाली सरकार चाहिए। भारतीय जीवन मूल्यों को आगे बढ़ाने वाली सरकार चाहिए या प्रदेश में मुस्लिम विवि खोलने वाली सरकार चाहिए। यह भी तय करना होगा कि पुष्कर धामी जैसा युवा एवं विकास की सोच वाली सरकार चाहिए या हरीश रावत वाली भ्रष्टाचारी, भाई भतीजे वाली सरकार चाहिए। जनसभा को भाजपा प्रत्याशी शैलारानी रावत, जिलाध्यक्ष दिनेश उनियाल आदि ने भी सम्बोधित किया। संचालन भाजपा जिला महामंत्री अनूप सेमवाल एवं विक्रम कण्डारी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक आशा नौटियाल, बीकेटीसी के अध्यक्ष अजेन्द्र अजय, चण्डी भट्ट, अशोक खत्री, वाचस्पति सेमवाल, पंकज भट्ट, दिनेश बगवाड़ी, श्रीनिवास पोस्ती, बीना बिष्ट, शकुन्तला जगवाण, सुमन जमलोकी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *