विनोद कंडारी के परिजनों पर जानलेवा हमला, तीन गिरफ्तार
रविवार रात्री मलेथा के पास हुआ हमला
श्रीनगर। मतदान से पूर्व रविवार रात्री देवप्रयाग विधानसभा से भाजपा के प्रत्याशी व निवर्तमान विधायक विनोद कंडारी के परिजनों पर जानलेवा हमला हुआ है। जिसमें उनका छोटा भाई व दो भतीजे घायल हो गये। तीनों को लहूलुहान हालत में बेस चिकित्सालय में भर्ती किया गया। ये तीनों विधायक के घर से श्रीनगर की तरफ आ रहे थे। आरोप है कि कुछ लोगों ने उन्हें मलेथा तीराहे पर रोका व उनकी तलाशी शुरू कर दी। इस बीच कुछ लोगों ने उन पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। इस मामले को लेकर विधायक विनोद कंडारी ने कीर्तिनगर कोतवाली में हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
विधायक विनोद कंडारी के भतीजे आयुष कंडारी, अमन कंडारी ने बताया कि वे 11 बजे रात अपने मलेथा स्थित आवास से श्रीनगर जा रहे थे, तभी उन्हें 7 से 10 लोगों द्वारा चेकिंग के नाम पर रोका गया। इस दौरान उन्होंने रोकने का कारण पूछा तो सभी ने उन्हें लाठी डंडों से पीट कर से घायल कर दिया। आयुष ने देवप्रयाग से यूकेडी के प्रत्याशी दिवाकर भट्ट के समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाया हैं। कीर्तिनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भान चंद्र सिंह अधिकारी ने बताया कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद है। अभी तक इस मामले में अमरीश भट्ट, सतेंद्र भट्ट, कांति सिंह को गिरफ्तार किया गया है। मामले में सात लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज है। कहा कि अन्य आरोपियों की पुलिस खोजबीन में जुटी हुई है।