G-KBRGW2NTQN फाटा के पास पहाड़ी टूटने से आठ कमरों का होटल ध्वस्त मलबे की चपेट में आये दो युवक – Devbhoomi Samvad

फाटा के पास पहाड़ी टूटने से आठ कमरों का होटल ध्वस्त मलबे की चपेट में आये दो युवक

पुलिस ने किया रेस्क्यू रेस्क्यू अभियान में पुलिस जवानों को भी आई चोटें
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ हाईवे के फाटा के पास भूस्खलन से सड़क किनारे बना आठ कमरों का केदार वाटिका रिजार्ट जमीदोज हो गया। होटल के अंदर दबे दो युवकों को किसी तरह से रेस्क्यू कर बचा लिया गया। दोनों का अस्पताल में उपचार किया गया। घटना से क्षेत्र में दहशत है।

जानकारी के अनुसार सोमवार रात से हो रही भारी बारिश के चलते ऊपरी क्षेत्र से हुए भूस्खलन का मलबा मंगलवार सुबह करीब पांच बजे सीधे नीचे की ओर आया। फाटा से जामू के करीब निचली तरफ बने खेड़ा सल्या तुलंगा निवासी कमल सिंह रावत का केदार वाटिका रिजार्ट मलबे की चपेट में आने से जमीदोज हो गया। जबकि यहीं पर कुछ दूरी में मलबा आने से एक वाहन चपेट में आ गया।

घटना की सूचना मिलते ही फाटा पुलिस मौके पर पहुंची। जबकि राजस्व टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से रिजार्ट में दबे दो युवकों को बचा लिया गया। पुलिस को जानकारी मिली कि किसी व्यक्ति के फोन पर रिजार्ट में दबे युवक द्वारा जानकारी दी गई कि उनकी जान खतरे में हैं। वह र्जिाट में दब गए हैं। इसी दौरान सर्च रेस्क्यू अभियान के दौरान ऊपर से तेज गड़गड़ाहट की आवाज आई और पल भर में फ्लड रेस्क्यू टीम तक पहुंच गया, जिससे सभी लोग आड़ लेने के लिए भागने लगे। मलबा अगल बगल से नीचे निकल गया। सभी डरकर  सुरक्षित स्थान पर सड़क पर आ गए। इसी बीच रिजार्ट में दबे हुए व्यक्ति से फोन कर ढांढस देकर शीघ्र निकालने को कहा गया।

दोबारा सर्च अभियान चलाते हुए मलबे में दबे नवीन पुत्र त्रेपन सिंह निवासी गैंठाणा बांगर तहसील जखोली जनपद रुद्रप्रयाग को सकुशल बचाया गया, जबकि दूसरे व्यक्ति अरविंद पुत्र मातवर सिंह निवासी उत्तरसु चोपता रुद्रप्रयाग को भी बचा लिया गया। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां वे सुरक्षित हैं।

रेस्क्यू के दौरान मलबे की चपेट में आने से मुख्य आरक्षी विक्रम चंद्रवाल के पैर में चोट आई है। जबकि आरक्षी शैलेंद्र रावत के सिर में पहने हेलमेट में पत्थर लगने से हेलमेट टूटा है और बाजू में हल्की चोट है। फाटा के चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विजय शैलानी के माथे पर एवं आरक्षी जय प्रकाश के घुटने में हल्की चोटे हैं। चालक आरक्षी अंकित सैनी सुरक्षित है।

रेस्क्यू के दौरान सीआरपीएफ जवान संजय व फायर सर्विस की टीम भी मौजूद रही। उपजिलाधिकारी ऊखीमठ जितेंद्र वर्मा ने बताया कि फाटा से राजस्व उप निरीक्षक सुरेंद्र उखियाल द्वारा मौके का मुआयना किया गया है। संबंधित व्यक्ति को हुए नुकसान के लिए इंजीनियर द्वारा सव्रे कराया जाएगा।
केदारनाथ हाईवे जगह-जगह बाधित : सोमवार देर रात हुई तेज बारिश के कारण मंगलवार को केदारनाथ हाईवे जगह-जगह बाधित रहा। हाईवे के बांसबाड़ा, तिलवाड़ा, तरसारी, फाटा सहित अन्य स्थानों पर मलबा और बोल्डर आनो से यातायात प्रभावित रहा। इस दौरान तीर्थयात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। फाटा के पास पहाड़ी से आये मलबे के कारण एक वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है, जबकि गुप्तकाशी से आगे विद्याधाम आश्रम के पास राजमार्ग का आधा हिस्सा धंस गया है। यहां पर सुरक्षा के लिए कोई भी इंतजाम नहीं हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

इसके अलावा तरसारी, मैखंडा, फाटा व बांसबाड़ा में भी राजमार्ग बंद पड़ा हुआ है। राजमार्ग के बंद होने से देश-विदेश से केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही केदारघाटी की जनता परेशान है। हालांकि एनएच विभाग की मशीने राजमार्ग को खोलने का कार्य कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *