G-KBRGW2NTQN तीर्थयात्री सुखद संदेश लेकर जाएं : धामी – Devbhoomi Samvad

तीर्थयात्री सुखद संदेश लेकर जाएं : धामी

मुख्यमंत्री ने सचिवालय में की चार धाम यात्रा, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा वनाग्नि रोकथाम प्रबंधन की समीक्षा
देहरादून।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में प्रदेश में संचालित चारधाम यात्रा, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति व्यवस्थाओं के साथ ही वनाग्नि रोकथाम के प्रबंधन की मुख्य सचिव के सहित अन्य उच्चाधिकारियों के साथ समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हर समय सतर्क रहने के निर्देश देते हुए कहा कि यात्रा व्यवस्थाओं से जुड़े अधिकारियों के साथ समन्वय बनाते हुए तीर्थयात्रियों की यात्रा सुखद एवं सुरक्षित बनाने के प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि देवभूमि में आने वाले श्रद्धालुओं को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारा उद्देश्य होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा राज्य की आर्थिकी से भी जुड़ी है। चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हो रही है, हम सबका दायित्व है कि यात्रा को सुगम और सरल बनाने में सभी मिलकर सहयोगी बनें। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा से सबंधित जो भी आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए जिला प्रशासन से अनुरोध किया जाता है, उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए।

भीड़ प्रबंधन का विशेष ध्यान रखे जाने के साथ यह सुनिश्चित किया जाए कि चारों धामों में श्रद्धालुओं की जो संख्या निर्धारित की गई है, उसके अनुसार ही उनको भेजा जाए। बिना रजिस्ट्रेशन के जो श्रद्धालु उत्तराखंड की सीमा के अन्दर प्रवेश कर चुके हैं, वह चारों धामों के अलावा राज्य के अन्य धार्मिक एवं पर्यटक स्थलों के लिए जाना चाहते हैं, तो उन्हें वहां भेजे जाने के भी प्रयास किएजाएं।  ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए पेयजल और विद्युत आपूर्ति की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

वनाग्नि रोकने के लिए जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाए।  सचिवों को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। सभी सचिव संबंधित जनपदों में जाकर प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करें। आग लगाने की घटनाओं में जो भी लिप्त हैं, उन पर कार्रवाई की जाए। वनागि को रोकने के लिए रिस्पांस टाईम कम से कम किया जाए। बैठक में मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव शैलेश बगोली, सचिव एवं आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डेय, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *