चौथा ऑल इंडिया सुनील जैन मेमोरियल प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट 24 मार्च से
नई दिल्ली (संवाददाता)। चौथा ऑल इंडिया सुनील जैन मेमोरियल प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 24 मार्च से डी.डी.ए. श्री फोर्ट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जाएगा। टूर्नामेंट के सचिव सुरजीत वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष भी प्रतियोगिता में दिल्ली-एनसीआर की टॉप 12 टीमों को शामिल किया गया है।
टूर्नामेंट में विजेता टीम को 60,000 रुपये तथा उपविजेता टीम को 30,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक मैच के ‘मैन ऑफ द मैच’ को ट्रॉफी के साथ 2,100 रुपये प्रदान किए जाएंगे। वहीं बेस्ट बल्लेबाज, बेस्ट गेंदबाज और सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर को 5,000-5,000 रुपये एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।
इस टूर्नामेंट को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर मनोज प्रभाकर का विशेष सहयोग प्राप्त रहेगा। मुकाबले लीग-कम-नॉकआउट आधार पर खेले जाएंगे और सभी मैच 40-40 ओवर के होंगे।
टूर्नामेंट में भाग लेने वाली टीमों में टेलीफांकन क्लब, पेलिकन क्लब, विजय यादव क्रिकेट अकैडमी, तिलक नगर कोट्स, यंग फ्रेंड्स क्लब, आरपीसीए, ब्राइट क्लब, रोहतक रोड जिमखाना, टीएनएम, बाल भवन द्वारका और नोएडा वांडर शामिल हैं।
टूर्नामेंट का उद्घाटन पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी विजय यादव एवं दिल्ली पुलिस के डीआईजी राकेश पावरिया द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर अजय वर्मा, वालिया जी, सेठ साहब, सुरजीत वर्मा, जैन फैमिली सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहेंगे।
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला तिलक नगर कोट्स और यंग फ्रेंड्स क्लब के बीच खेला जाएगा।